बदायूं: बाबा अस्पताल के चिकित्सक का शव बाथरूम में मिला, फारेंसिक टीम ने लिए नमूने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिल्सी, अमृत विचार। कस्बा बिल्सी से सिरासौल मार्ग स्थित बाबा मिशन अस्पताल के चिकित्सक का शव बाबा इंटरनेशनल स्कूल के छात्रावास के बाथरूम में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। चिकित्सक के बिहार निवासी परिजनों को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ बिल्सी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फारेंसिक टीम ने नमूने लिए।

मूल रूप से बिहार राज्य के जिला गया निवासी डॉ. राहुल हर्षवर्धन (40) पुत्र रामजीत सिंह तीन महीने से नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अनुज वार्ष्णेय के बाबा मिशन अस्पताल में फीजिशयन थे। वह बाबा इंटरनेशनल स्कूल के छात्रावास में रह रहे थे। रोज सुबह 11 बजे तक ड्यूटी पर पहुंच जाते और मरीजों का इलाज करते थे। रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे तक वह अस्पताल नहीं पहुंचे।

अस्पताल में मरीजों की भीड़ देखते हुए वहां के स्टाफ ने चिकित्सक के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन चिकित्सक का फोन नहीं उठा तो स्टाफ चिकित्सक के कमरे पर गया। जहां चिकित्सक के कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। बाहर से आवाज लगाई लेकिन भीतर से किसी प्रकार की गतिविधि नहीं हुई।

स्टाफ की चिंता बढ़ गई। स्टाफ ने अस्पताल प्रशासन को सूचित किया। चिकित्सक के कमरे का दरवाजा तोड़कर स्टाफ भीतर गया। कमरे में बने बाथरूम में चिकित्सक का शव जमीन पर अचेत पड़े थे। स्टाफ ने नब्ज चेक की तो चिकित्सक की मौत के बारे में पता चला। स्टाफ ने कोतवाली बिल्सी पुलिस को सूचना दी।

सीओ बिल्सी सुनील कुमार, अपराध निरीक्षक श्याम सिंह मौके पर पहुंचे और जांच की। फारेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने कमरे से नमूना लिए। तहसीलदार रविंद्र प्रताप सिंह और सीओ की मौजूदगी में चिकित्सक के कमरे को सील किया गया। चिकित्सक के परिजनों को सूचना दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सक के परिजनों को सूचना दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: किराना व्यापारी के घर बदमाशों ने बोला धावा, बंधन बनाकर चार लाख का माल लेकर फरार

संबंधित समाचार