रुद्रपुर: नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाला मास्टमाइंड गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। खटीमा पुलिस ने लोगों को सरकारी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मास्टमाइंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कई ऐसे भी शिकायतकर्ता सामने आए है। जिनको अलग-अलग विभागों की सरकारी नौकरी का ज्वाइनिग लेटर भी जारी किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र होने के चलते लोग उसके झांसे में आ जाते थे। पुलिस ने आरोपी के पास से कई फर्जी ज्वाइनिंग पत्र के साथ ही सरकार का लोगो लगी दो इनोवा कार भी बरामद की है। सोमवार को फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि खटीमा इलाके से पिछले कई माह से अजय साहनी उर्फ इंद्रजीत साहनी निवासी ग्राम नौसर खटीमा पर सरकारी एवं अर्द्धसरकारी नौकरियां दिलाने के नाम पर ठगी की शिकायतें मिल रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के आदेश पर खटीमा पुलिस ने गांव खेतलसंडा के सुरेंद्र चंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज ली। जिसकी भनक लगते ही खटीमा इलाके से ही दस लोगों ने भी ठगी होने की प्राथमिकी दर्ज करवाई।
रिपोर्ट होने की खबर लगते ही आरोपी अजय साहनी भूमिगत हो गया। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि नटवरलाल अजय ने दस लोगों को विद्युत विभाग, जल विभाग, पेयजल सहित कई सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया कि और दस लोगों से लगभग 36 लाख रुपये तक ऐठ लिए। साथ ही सभी को अलग अलग विभागों में नौकरी का ज्वाइनिंग पत्र भी दिया।
जब पत्र को लेकर शिकायत कर्ता विभागों में गए। तो सिवाए चक्कर काटने के कुछ नहीं मिला। 22 जनवरी की शाम को खबर मिली कि आरोपी अजय अपने गांव में देखा गया। जिस पर कार्रवाई करते सीओ वीर सिंह और कोतवाल नरेश चौहान की टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सीएम का गृह क्षेत्र के कारण अक्सर बेरोजगार या उसके परिवार के लोग झासे में फंस जाते है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई फर्जी ज्वाइनिंग लेटर सहित दस्तावेज व दो इनोवा कार बरामद की है।
