नैनीताल: शराब के नशे में पंजा लड़ाने को लेकर पर्यटक भिड़े
नैनीताल, अमृत विचार। तल्लीताल क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस में रुके पर्यटकों का आपस में पंजा लड़ाने को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद उन्होंने आपस में मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
थाना तल्लीताल पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग आनंद गेस्ट हाउस तल्लीताल में रुके हैं और आपस में मारपीट कर रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि सब आपस में बैठकर शराब पी रहे थे और इसके बाद आपस में पंजा लड़ाने को लेकर झगड़ा शुरू हो गया।
पुलिस ने झगड़ा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया तो वे नहीं माने। पुलिस सभी को थाने ले आई। थाने में भी उक्त लोग और अधिक उत्तेजित होकर लड़ने लगे। एसओ रोहिताश सागर ने बताया कि आपसी विवाद को लेकर अंकित मिश्रा निवासी भादपरानी जिला देवरिया
उत्तर प्रदेश, प्रकाश गुप्ता निवासी बेरिया जिला बलिया उत्तर प्रदेश, रत्नेश कुमार सिंह निवासी इंग्लिशिया छिब्बी जिला बलिया, भरत यादव निवासी भेकली जिला रेवाड़ी हरियाणा, अभिषेक निवासी मुस्सेपुर जिला रेवाड़ी हरियाणा, परशंजित निवासी नकदल पठानी जिला रेवाड़ी हरियाणा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
