संभल: गन्ना मूल्य और छुट्टा पशुओं के मुद्दे को लेकर चक्का जाम आज
भाकियू असली की महापंचायत में किसानों की समस्याओं पर चर्चा
संभल, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन असली की महापंचायत में गन्ना मूल्य, छुट्टा पशु समेत कई समस्याएं उठाते आक्रोश जाहिर किया गया। इसमें कहा गया कि गुरुवार को (आज) तहसील क्षेत्र में दो स्थानों पर चक्का जाम किया जाएगा। आंदोलन में किसानों से बड़ी तादाद में शामिल होकर आवाज बुलंद करने की अपील की गई।
शहर के मोहल्ला मियां सराय में हुई महापंचायत में छुट्टा गोवंश पशु, किसानों के नलकूपों पर मीटर, विद्युत संशोधन बिल, गन्ना मूल्य घोषित नहीं होने, गन्ना मूल्य नहीं बढ़ाने, यूरिया के साथ जबरदस्ती अन्य उत्पाद देने, आलू किसानों का कोल्ड स्टोरेज द्वारा शोषण किए जाने की समस्याओं को लेकर किसान नेताओं ने चर्चा की। कहा कि समस्याओं को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज देहपा और खिरनी में चक्का जाम किया जाएगा।
भाकियू असली के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर अब आरपार की लड़ाई सड़कों पर होगी। चीनी मिलें चले तीन महीने से अधिक हो गए, लेकिन गन्ना का भाव घोषित नहीं किया गया और न ही बढ़ाया गया। किसानों के निजी नलकूपों पर मीटर लगाने की सोची समझी साजिश है। छुट्टा गोवंश पशु फसलों को नष्ट कर रहे हैं।
महापंचायत में चौधरी संजीव गांधी, राजपाल सिंह यादव, दिनेश सिरोही, अनीस अहमद, दिलशाद तुर्की, अशरफ अली, अकरम खां, अर्जुन सिंह, निकसम चौधरी, ब्रह्मचारी यादव, इरफान, इंद्रपाल सिंह, फाजिल, दानिश, हाजी इलियास, हाजी यूसुफ आदि रहे। अध्यक्षता मेम्बर असरार ने तथा संचालन जयवीर सिंह यादव ने किया।
ये भी पढ़ें- संभल: कार में छात्रा से दुष्कर्म का कलेक्ट्रेट कर्मी का भाई गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला
