रुद्रपुरः केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने के दिए निर्देश
रुद्रपुर, अमृत विचार। केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट के मंत्रालय से आए प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में प्रस्तावित बड़े कार्यों की समीक्षा की।
गुरुवार को केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट के मंत्रालय से आए प्रतिनिधियों मेजर विजय राणा तथा दीपक पंत ने जनपद में संचालित एवं प्रस्तावित बड़े कार्यों की विकास भवन सभागार में विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण, किच्छा में एम्स की सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, रुद्रपुर और सितारगंज में केन्द्रीय विद्यालय खोलने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने समीक्षा के दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में चल रहे विकास कार्यों एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की रिपोर्ट पीएमओ को भेजी जाएगी। प्रस्तावित योजनाओं को शीघ्रता से मूर्तरूप देने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करते रहें। योजनाओं के संबंध में किसी भी स्तर पर कोई समस्या हो तो उसके बारे में प्राथमिकता से अवगत कराएं, ताकि समस्या का शीघ्रता से समाधान कराया जा सके।
उन्होंने रुद्रपुर और सितारगंज में केन्द्रीय विद्यालय खोलने के लिए प्रभावी ढंग से कार्यवाही करने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए। काशीपुर में आरओबी निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने व किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत अवगत कराने, काशीपुर बाईपास निर्माण के लिए तेजी से कार्य करने के निर्देश एनएचएआई के अधिकारियों को दिए।
समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद में संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिस पर प्रतिनिधियों ने कार्यों में संतोष व्यक्त किया।
बैठक में उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जमील, मुख्य कृषि अधिकारी एके वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एके सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी, जीएम डीआईसी उत्तम कुमार तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
