हल्द्वानी: बनभूलपुरा में अवैध निर्माणों पर गरजी जेसीबी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम व जिला विकास प्राधिकरण ने बनभूलपुरा में नजूल भूमि पर हो रहे अवैध निर्माणों को ढहा दिया। गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय व सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण व नगर निगम की संयुक्त टीम जेसीबी मशीन, इलेक्ट्रिक हैमर, हथौड़े वगैरह लेकर लाइन नंबर-8 पहुंची।

बिलाली मस्जिद के समीप नजूल भूमि सरफराज अहमद व मो. इरशाद की ओर से बनाई जा रही दो मंजिला इमारत पर जेसीबी गरजी और निर्माण को ढहा दिया। दरअसल, इस अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए इन्हें दो दिनो की मोहलत दी गई थी लेकिन उन्होंने निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं तोड़ा तो प्रशासन ने कार्रवाई की। फिर टीम लाइन नंबर 12 पहुंची।

यहां भी नजूल भूमि पर बहुमंजिला अवैध निर्माण हो रहा था। इस निर्माण के दोनों तरफ कमजोर मकान होने की वजह से टीम कर्मचारियों ने इलेक्ट्रिक हैमर व हथौड़े से ध्वस्त किया। करीब तीन-चार घंटे तक ध्वस्तीकरण अभियान चला। इस वजह से अवैध निर्माण करने वालों में खलबली मच गई। इस दौरान वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, बनभूलपुरा एसओ नीरज भाकुनी, कालाढूंगी एसओ नंदन सिंह रावत, जेई अंकित वोरा आदि मौजूद थे। 


लाइन नंबर-8 में मो. इरशाद, सरफराज अहमद नजूल भूमि पर अवैध निर्माण कर रहे थे। उन्होंने खुद ही इस निर्माण को ध्वस्त करने के लिए दो दिन का समय मांगा था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गुरुवार को जेसीबी से अवैध निर्माण ढहा दिया गया। 
ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी

10 रुपये के स्टांप पर बेची जा रही नजूल भूमि
नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि बनभूलपुरा में नजूल भूमि को 10 रुपये के स्टांप पर खरीद फरोख्त की जा रही है। ऐसी कई शिकायतें मिली हैं इनकी जांच की जा रही है। नजूल भूमि का क्रय-विक्रय करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी और जो भी नजूल भूमि को फ्री होल्ड व नक्शा मंजूर कराए बिना निर्माण करता है तो ध्वस्त किया जाएगा। 

लाइन नंबर-16 में दो निर्माण सील 
प्राधिकरण का बनभूलपुरा में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी है। लाइन नंबर-16 में राहत बेगम और मीरा मार्ग में अशोक जायसवाल अवैध निर्माण करा रहे थे इन्हें सील किया गया है। 

संबंधित समाचार