हल्द्वानी: डीजीपी ने लगाई सीओ लालकुआं की क्लास, सीओ का मुंशी निलंबित
हल्द्वानी,अमृत विचार। कुमाऊं मंडल में अपराध की समीक्षा करने हल्द्वानी पहुंचे डीजीपी अशोक कुमार की नाराजगी का शिकार सीओ लालकुआं का मुंशी बन गया।
मुंशी को निलंबित करने के साथ ही डीजीपी ने सीओ लालकुआं अभिनय चौधरी की भी क्लास लगाई और भरी बैठक में उन्होंने सीओ से यहां तक कह दिया कि वह उन्हें पीएसी भेज देंगे। बैठक के दौरान डीजीपी ने अच्छा काम करने वालों की पीठ भी थपथपाई और सभी सीओ को अपनी क्राइम डायरी खुद लिखने की नसीहत दी।
सर्किट हाउस में बैठक करते हुए डीजीपी अशोक कुमार ने एक-एक कर सभी के रजिस्टर चेक किए और जब लालकुआं का नंबर आया तो बात बिगड़ गई। क्राइम रजिस्टर चेक करते वक्त डीजीपी ने पूछ लिया कि क्राइम रजिस्टर किसने लिखा है और जवाब मिला कि रजिस्टर सीओ लालकुआं अभिनय चौधरी के मुंशी ने लिखा है।
इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए डीजीपी ने मुंशी को निलंबित करने के आदेश कर दिए। साथ ही सीओ लालकुआं से कहाकि वह उन्हें पीएसी भेज देंगे। इसके साथ ही उन्होंने बैठक में मौजूद कुमाऊं मंडल के सभी सीओ को अपनी क्राइम डायरी खुद लिखने की नसीहत दी और कहाकि क्राइम डायरी लिखने से आप विवेचना की तह तक जा सकेंगे।
इसके अलावा उन्होंने कहा, साइबर अपराधों में तत्काल कार्यवाही करें और इन अपराधों में संपत्ति बरामदगी का प्रतिशत बढ़ाया जाए। साथ ही नए बने थानों में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा दें। पुलिस की उपस्थिति दर्शाने के लिए स्थानीय लोगों के साथ जनजागरुकता अभियान, खेल और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया करें।
डीजीपी ने बैठक में ऑनलाइन माध्यम से एसपी पिथौरागढ़ लोकेश्वर सिंह, एसपी बागेश्वर हिमांशु वर्मा, एसएसपी अल्मोड़ा प्रदीप राय, एसपी चम्पावत देवेन्द्र पींचा के जिलों की अपराध समीक्षा की। बैठक में आईजी कुमाऊं डॉ.नीलेश आनंद भरणें, एसएसपी नैनीताल पंकज भट्ट, एसएसपी ऊधमसिंहनगर मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी हरबंस सिंह, एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ.जगदीश चंद्र समेत नैनीताल व उधमसिंहनगर जिले के राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।
