उत्तराखंड: नैनीताल की माल रोड पर फिर पड़ी दरार 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खानापूर्ति करते हुए दरारों में भरा जा रहा  डामरसंतोष बोरा, नैनीताल। 

नैनीताल, अमृत विचार। नगर के माल रोड पर लगातार खतरा तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को लोअर माल रोड पर लंबी दरारें पड़ गईं। इसके बाद लोक निर्माण विभाग इन दरारों को भरने के लिए खानापूर्ति करते हुए डामर भरने में जुटा रहा।

बता दें कि लोअर माल रोड का 25 मीटर हिस्सा 18 अक्टूबर 2018 को भू-कटाव के चलते क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से लगातार माल रोड के विभिन्न हिस्सों में दरारें पड़ रही हैं। हालांकि लोक निर्माण विभाग समय-समय पर इन दरारों को भरने का काम कर रहा है। पांच साल बीत जाने के बावजूद अब तक सड़क का स्थाई ट्रीटमेंट कार्य शुरू नहीं हो सका है।

इसके चलते लगातार माल रोड पर दरारें बढ़ रही हैं। इससे शहर की ऐतिहासिक और ब्रिटिश कालीन माल रोड के सामने अब फिर से एक बड़ा खतरा मंडराने लगा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक गुप्ता ने बताया कि पूर्व में विभाग ने डीपीआर शासन को भेजी थी। इसमें तकनीकी कमियों के चलते एसडीएमएस ने डीपीआर को वापस लोक निर्माण विभाग को भेजा है। कमी को विभाग ने दुरुस्त करवा लिया है और जल्द ही डीपीआर वापस शासन को भेजी जाएगी।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक गुप्ता का कहना है कि पूर्व में टीएचडीसी की टीम ने मॉल रोड का सर्वे और अध्ययन किया था। टीएचडीसी ने मॉल रोड क्षतिग्रस्त क्षेत्र के 250 मीटर क्षेत्र में टोपोग्राफिकल सर्वे और जियोलाजिकल मैपिंग की। जिसमे पता चला थी कि जिस स्थान पर सड़क में धंसाव हो रहा है उसके ठीक नीचे भारी भूजल का रिसाव हो रहा है जिससे मिट्टी को को जोड़ कर रखने वाले फाइनर पार्टिकल कण पानी के साथ घुल कर झील में समा रहे हैं।

जिसके चलते मालरोड क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं देखने को मिल रही है। मॉल रोड के अध्ययन के बाद  टीएचडीसी ने रोड के स्थाई उपचार के लिए तीन करोड़ पचास लाख रुपए की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की। जिसे विभाग ने स्वीकृति के लिए शासन के पास भेजा।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand News: हेलंग उर्गम मोटर मार्ग के हनुमान मंदिर के पास बड़ा हादसा टला, ट्रक नदी में गिरने से बाल-बाल बचा   

संबंधित समाचार