Unnao News : महिला क्रिकेटर अर्चना निषाद के स्वागत को उमड़ा हुजूम, जनता व जनप्रतिनिधियों ने लिया हाथो हाथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Unnao News उन्नाव में क्रिकेटर अर्चना निषाद के स्वागत को उमड़ा हुजूम।

Unnao News उन्नाव में क्रिकेटर अर्चना निषाद के स्वागत को लेकर पूरा हुजूम उमड़ा। देश-विदेश में सेलिब्रेटी बनने के बाद महिला क्रिकेटर अपने घर लौटी। इस दौरान जिले भर में जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत हुआ।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की अर्चना अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर जब शनिवार सुबह गृह जनपद पहुंची तो उसके स्वागत को जगह-जगह जनसमूह उमड़ पड़ा। जिसमें जनप्रतिनिधि, यूपीसीए व डीसीए पदाधिकारी ही नहीं खेल प्रेमियों सहित आमजन भी शामिल थे। जिले सहित सूबे को गौरवांवित करने वाली महिला क्रिकेट की नई (स्पिनर) सनसनी को किसी ने माला पहनाई, तो कोई उस पर फूलों की बारिश (चढ़ाकर) करते हुए आत्मिक सुख प्राप्त कर रहा था। कुछ लोगों ने उपहार भेंट करते हुए अपनत्व का एहसास कराते दिखाई दिए।

संचार क्रांति के दौर में सुदूर गांव में रहने के बावजूद परिवार लगातार बेटी के संपर्क में था। इसलिए कानपुर पहुंचने से पहले ही मां सहित परिवार के अन्य लोग बिटिया से मिलने पहुंच चुके थे। सोशल मीडिया पर महानगर में हुए स्वागत का वीडियो वायरल होकर पड़ोसी जिले में पहुंचते ही स्वागत की तैयारियों की शुरुआत बचपन से जवानी तक स्वयं क्रिकेट को कॅरियर बनाने का सपना देखने वाले सदर विधायक ने करीबियों को शहर सीमा से लेकर कब्बाखेड़ा तक जगह-जगह स्वागत करने का संदेश प्रचारित कर दिया। 

तय कार्यक्रम के तहत क्रिकेटर को नौ बजे जाजमऊ स्थित जिले की सीमा में प्रवेश करना था, लेकिन वह करीब डेढ़ घंटे विलंब से यहां पहुंची। इसलिए विधायक जाजमऊ जाकर गदनखेड़ा चौराहा वापस आकर समर्थकों सहित अर्चना की प्रतीक्षा करते रहे। गदनखेड़ा पहुंचते ही समर्थकों सहित सदर विधायक ने आगे बढ़कर अर्चना को पुष्प गुच्छ आदि भेंट करते हुए माल्यार्पण करते हुए स्वागत करने लगे। विधायक ने महिला सशक्तिकरण की मिशाल बन चुकी बेटी को शॉल आदि भी भेंट किए।

यहां क्रिकेटर के काफिले को दर्जनों कार व करीब एक सैकड़ा दोपहिया वाहनों ने विस्तार देकर शहर में प्रवेश कराया। हालांकि ऐन वक्त पर जानकारी होने से शहर महिला क्रिकेटर की अगुवानी से अंजान था, लेकिन काफिला बढ़ने के साथ जगह-जगह लोग उत्सुकता से जानकारी करते हुए परिणाम तक पहुंचते रहे। यही कारण था कि शहर के बड़े स्वागत की तैयारी भले उंगलियों पर गिने जाने वाले लोगों ने शुरू की थी, लेकिन देखते ही देखते चौराहा एकत्र हुए लोगों की भीड़ से जाम हो गया।

यहां संदीप निगम पिंकी लाला, संजीव गुप्ता सहित अन्य लोगों ने पुष्प वर्षा करते हुए स्वागत किया। इसके बाद पुराने ओवरब्रिज ढाल उतरते ही एक निजी गेस्ट हाउस में डीसीए की ओर से खड़े-खड़े स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां यूपीसीए के सचिव अरविंद कुमार श्रीवास्तव कमल, डीसीए सचिव पीके मिश्र राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, एआर खान व नवीन सिन्हा आदि ने गर्मजोशी से बेटी का स्वागत करते हुए आशीषों से नवाजा। इसी तरह सिविल लाइंस में हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय पदाधिकारी जिला प्रभारी विमल द्विवेदी की अगुवाई में लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इसके अलावा कब्बाखेड़ा व अब्बासबाग में भी लोग स्वागत को जुटे।

 

संबंधित समाचार