हल्द्वानी: डंपर स्वामियों ने ही गौला की ओवरलोडिंग के खिलाफ खोला मोर्चा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला में खनन पंजीकृत वाहनों ने ही ओवरलोड के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ऐसे में राज्य सरकार का गौला नदी से मनमाना उपखनिज ढोने के आदेश को पलीता लगता दिख रहा है।

सोमवार को गौला खनन संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल परिवहन कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने आरटीओ संदीप सैनी को गौला नदी में पंजीकृत वाहनों से ओवरलोड की रॉयल्टी दिखाई और ओवरलोड के बारे में जानकारी दी।

आरोप लगाया कि शीशमहल, राजपुरा, आंवला चौकी आदि उपखनिज निकासी गेटों पर धड़ल्ले से ओवरलोड हो रहा है। मुनाफे के लालच में डंपर स्वामी 65 के बजाय 95 कुंतल उपखनिज ढो रहे हैं। इस पर आरटीओ ने ओवरलोड के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। परिवहन विभाग रॉयल्टी का रिकॉर्ड चेक करेगा और ऑनलाइन चालान भेजे जाएंगे। जल्द ही इस बाबत समूचा रिकॉर्ड वन निगम से भी लिया जाएगा। 

गौला खनन संघर्ष समिति के अध्यक्ष पम्मी सैफी ने कहा कि मनमाना उपखनिज ढोने का आदेश स्टोन क्रशर्स स्वामियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया है। अगर ओवरलोड नहीं रोका गया जो कि वाहन स्वामियों का नुकसान होगा। इस दौरान डंपर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज मठपाल, अरशद अयूब, पृथ्वी पाठक, हरीश पांडे, उमर, सुरजीत सिंह, दीपू पांडे, आरिश आदि मौजूद थे

संबंधित समाचार