अयोध्या: गड्ढे में तब्दील हुई ब्लाक और सीएचसी जाने वाली सड़क, लोग परेशान
पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। बिल्हारिघाट मार्ग से पूरा ब्लॉक मुख्यालय को जाने वाली सड़क जगह जगह टूट कर गड्ढे में तब्दील हो गई है। जिस पर पैदल चलना कठिन हो गया है। लोगों को ब्लाक और सीएचसी तक जाने में दिक्कत उठानी पड़ती है। मरम्मत के लिए सड़क के कुछ हिस्से पर गिट्टी डाल दी गयी है जो परेशानी का सबब बनी हुई है।
विकासखंड पूरा बाजार के बिल्हर घाट मार्ग से पूरा ब्लॉक मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क बदहाल है। इस मार्ग पर कादीपुर, कामापुर, कोटवा, नारा, कुतुबपुर, भिटरिया, यादव का पुरवा, कुंजल का पुरवा जोगापुर , पंडित का पुरवा, रहेरवा ,बनिया की बगिया, दुर्गा पुर, गंगौली सहित ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचने के लिए ब्लॉक क्षेत्र के दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्र के गांव के लोगों के लिए आसान पड़ता है। इस मार्ग के बदहाल होने के चलते छह किलोमीटर दूर घूम कर लोगों को ब्लॉक व सीएचसी पर जाना पड़ता है।
कादीपुर के पूर्व प्रधान फूलचंद कनौजिया ,अनिल सिंह ,ओमप्रकाश ,भानु प्रताप, महेंद्र सिंह, गया प्रसाद कहते हैं कि सड़क टूट कर गड्ढों में तब्दील हो गई है। बिल्हर घाट मार्ग से नारा गांव तक तो पूरी तरह खराब है। मरम्मत के लिए बड़ी नहर के पुल से कोटवा गांव तक सड़क पर गिट्टी डाली गई है। जिस पर पैदल चलना कठिन है। यह सड़क पूरा ब्लॉक मुख्यालय, सीएचसी व विद्युत उप केंद्र तक जाने वाला मार्ग है। मरम्मत के लिए लोगों ने जनप्रतिनिधियों से मांग की है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ पहुंची वीर लक्ष्मण की प्रतिमा, G- 20 Summit से पहले होगा अनावरण
