नैनीताल: ट्रेड लाइसेंस शुल्क लागू करने का विरोध
भाजपा कार्यकर्ताओं ने ईओ को सौंपा ज्ञापन
नैनीताल, अमृत विचार। नगर पालिका द्वारा ट्रेड लाइसेंस शुल्क लागू होने से पहले विरोध शुरू हो गया है। मंगलवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता व व्यापारियों ने नगर पालिका कार्यालय में ईओ को ज्ञापन सौंपा। बता दें कि 2020 में पालिका बोर्ड में शहर में 129 व्यवसायों पर ट्रेड लाइसेंस शुल्क लगाने का प्रस्ताव पास किया गया था। कार्यालय प्रक्रिया प्रकाशन के बाद पालिका की ओर से प्रस्ताव को गजट नोटिफिकेशन के लिए भेज दिया गया है।
मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने कहा कि नगर पालिका पहले से ही भवन और सफाई कर ले रही है। एक अतिरिक्त कर लागू कर व्यापारियों की जेब पर डाका डाला जा रहा है। प्रस्तावित लाइसेंस शुल्क बड़े कारोबारियों के साथ ही छोटे कामकाज में लगे लोगों से भी वसूल किया जाएगा। नोटिफिकेशन जारी करने से पहले पालिका की ओर से व्यापारियों से आपत्ति भी नहीं मांगी गई। इस पर पालिका अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को बताया कि प्रस्ताव 2020 में बोर्ड बैठक में पास हो चुका है। पालिका की ओर से प्रकाशन के साथ ही आपत्तियां भी मांगी गई थी।
पूर्व में व्यापारियों की 10 आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद ही प्रस्ताव को गजट नोटिफिकेशन के लिए भेजा गया है। इस पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी दशा में शहर में ट्रेड लाइसेंस शुल्क लागू नहीं होने दिया जाएगा। यदि पालिका ने अपनी मनमानी की तो कार्यकर्ता व्यापारियों के साथ धरना प्रदर्शन करेंगे। विरोध प्रदर्शन करने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट, विश्वकेतु वैद्य, मोहन नेगी, रोहित भाटिया, महेंद्र बिष्ट, सचिन गुप्ता, कमलेश, विवेक वर्मा आदि मौजूद रहे।
