हल्द्वानी: कार सवारों ने ऑटो चालक को अगवा किया, अधमरा कर फेंका
हल्द्वानी, अमृत विचार। कार में टक्कर से नाराज कार सवारों ने ऑटो चालक को अगवा कर लिया। उसे सुनसान स्थान पर ले गए और अधमरा कर सड़क किनारे फेंक दिया। गंभीर अवस्था में ऑटो चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के सात दिन बाद अब इस मामले में मुखानी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आस्था विहार फेज टू पनचक्की दमुवाढूंगा काठगोदाम निवासी नरेश वर्मा पुत्र जयप्रकाश पेशे से ऑटो चालक हैं। नरेश ने मुखानी पुलिस को बताया कि बीती एक फरवरी को वह चंबल पुल के पास से ऑटो लेकर जा रहे थे। तभी आगे जा रही कार संख्या यूके 04 एबी 3990 के चालक ने अचानक ब्रेक मार दिए। इससे ऑटो उक्त कार से टकरा गया और कार में स्क्रैच आ गया।
इससे नाराज कार सवारों ने हाथापाई शुरू कर दी। फिर नरेश को चंबलपुल स्थित गैराज ले गए। जहां चारों ने कार के नए बम्पर के लिए पैसे मांगे। पैसे न होने पर चारों ने नरेश को बुरी तरह पीटा। नरेश बेसुध हुआ तो आरोपी उसे मरा समझकर वहीं फेंक कर फररा हो गए। जिसके बाद कुछ अन्य लोगों ने नरेश को बेस अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे एसटीएच रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार होने पर नरेश ने मुखानी पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया।
