बरेली: विदेश में रह रहे पति ने फोन पर महिला को दिया तीन तलाक
कम दहेज का ताना देकर आये दिन सास, ननद व जेठ करते थे मारपीट
बरेली, अमृत विचार : निकाह में कम दहेज मिलने से नाखुश ससुराल वालों ने महिला से मारपीट की। जेठ ने कमरे में घुसकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विदेश में रह रहे पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ संंबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें - बरेली: रायल्टी के करोड़ों तो डूब गए, अब नगर निगम के खाली खाते सीज करने से क्या होगा
कैंट थाना क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसकी निकाह 10 फरवरी 2021 को थाना कैंट ठिरिया निवासी से हुई थी। महिला के माता पिता ने सामर्थ्य के अनुसार निकाह में दान दहेज दिया था। पति, सास, ननद व जेठ एकराय होकर महिला को आए दिन प्रताड़ित करने लगे। इस बीच उसने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद महिला का पति विदेश (सऊदी अरब) में नौकरी करने चला गया।
21 नवंबर 2022 को रात करीब साढ़े आठ बजे महिला को अकेला पाकर उसका जेठ कमरे में घुस आया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर जेठ गाली गलौज करता हुआ भाग गया। महिला ने उक्त घटना अपनी सास व ननद को बताई। इस पर उन्होंने महिला के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए चुप रहने को कहा।
इसके बाद महिला ने सारी बात पति को फोन पर बताई। पति ने बीते 5 दिसम्बर को फोन पर तीन तलाक दे दिया। तलाक पीड़िता की तहरीर पर कैंट पुलिस ने बुधवार को पति, सास, ननद व जेठ समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें - बरेली: युवा अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन ने की बैठक
