कर्नाटक विधानसभा चुनाव सावरकर बनाम टीपू होगा : नलिन कुमार कतील 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेंगलुरु। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने यह कह कर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है कि राज्य में इस साल होने वाला विधानसभा चुनाव टीपू सुल्तान और स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर की विचारधाराओं के बीच होगा। 

कतील ने कहा, “उन्हें टीपू जयंती मनाने की अनुमति है। इस राज्य में इसकी आवश्यकता नहीं है। मैं सिद्दारामैया को चुनौती देता हूं, अगला चुनाव टीपू और सावरकर के बीच है। आइए हम चर्चा करें, इस देश को सावरकर जैसे देशभक्त की आवश्यकता है या टीपू की?” 

भाजपा अध्यक्ष ने कुछ दिन पहले कहा था कि कांग्रेस के नेता डीके शिवकुमार और सिद्दारामैया आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करते हैं और कांग्रेस पार्टी एक आतंकवादी समूह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आतंकवाद को जन्म दिया और जब सिद्दारामैया मुख्यमंत्री थे तो कई हिंदुओं की हत्या कर दी गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उपाधीक्षक गणपति और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी डीके रवि की मौत के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। 

कतील ने आरोप लगाया कि सिद्दारामैया दक्षिण कन्नड़ में कई युवाओं की मौत के लिए भी जिम्मेदार हैं। उनके शासन में आम आदमी बहुत दुखी रहा और उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री कुमारस्वामी को आंसू बहाने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि बीएस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री बनने के बाद आम लोगों के आंसू पोंछे। वह कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाली सरकार का भी मार्गदर्शन कर रहे हैं। 

संबंधित समाचार