उत्तराखंड: नैनीताल की वादियों में हिंदी फिल्म की शूटिंग शुरू
सोनू निगम, कैलाश खेर व आकृति कक्कड़ ने गाए हैं फिल्म के गीत
नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी की वादियों में समाज की जटिल समस्याओं पर आधारित हिंदी फिल्म मिशन पूर्वांचल की शूटिंग शुरू हो चुकी है। गुरुवार को नैनी झील सहित अन्य स्थानों पर फिल्म के कई दृश्य फिल्माए गए।
निर्देशक स्वरूप घोष ने बताया कि समाज की जटिल समस्याओं पर आधारित फिल्म बनाई जा रही है। इसमें एक्शन, थ्रिलर, ड्रामा व रोमांस देखने को मिलेगा। नैनीताल में सिर्फ दो दिन शूटिंग की जानी है, शेष शूटिंग कॉर्बेट क्षेत्र में की जाएगी। इससे पूर्व मुंबई व उत्तर प्रदेश के कई शहरों में शूटिंग पूरी की जा चुकी है। फिल्म में अधिकांश नए कलाकारों को लिया गया है। इसमें सिद्धार्थ आनन्द नायक व शालिनी ठाकुर नायिका की भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा मशहूर अभिनेत्री जरीना वहाब नजर आयेंगी। मुकेश तिवारी व कुछ स्थानीय कलाकारों को भी लिया गया है। संगीत निर्देशक स्वमीन कुट्टी हैं। पार्श्व गायक सोनू निगम, आकृति कक्कड़ व कैलाश खेर ने फिल्म के गीत गाए हैं।
