काशीपुर: पत्नी को मायके छोड़ पति ने की दूसरी सगाई
काशीपुर, अमृत विचार। दहेज लोभी पति ने अपनी पत्नी को मायके में छोड़ दहेज की खातिर दूसरी महिला से सगाई कर ली। जानकारी होने पर पत्नी ने इसका विरोध जताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी की दो पुत्रियां भी हैं।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने बताया कि वर्ष 2014 में उनकी बेटी का विवाह बाजपुर निवासी विकास कुमार के साथ हुआ था। इस दौरान उन्होंने विवाह में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था। शादी के बाद कम दहेज लाने पर ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। इस बीच उनकी बेटी के एक पुत्री भी हुई। आरोप है कि 2016 में उसका पति उसको गर्भावस्था में मायके में छोड़कर धमकी देकर चला गया। उसके बाद उनकी बेटी ने दूसरी पुत्री को जन्म दिया। जिस पर भी विकास घर नहीं आया और कहने लगा कि वह दूसरी जगह शादी कर रहा है। जहां से उसे काफी दहेज मिल रहा है और उसने सगाई भी कर ली है। पुलिस ने मामले में तहरीर अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
