मेरठ: बारात में घुसी बेकाबू कार, तीन बारातियों की मौत, छह से अधिक घायल
मेरठ, अमृत विचार। मेरठ में बुधवार देर रात बारात में एक बेकाबू कार घुस गई। हादसे में दूल्हे के दो चचेरे भाई समेत 3 की मौत हो गई। जबकि, छह से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा नाचते-गाते दूल्हन के दरवाजे पर पहुंचने के दौरान हुआ। घटना जानी थाना क्षेत्र के बागपत रोड के बाफर गांव का है।
ये भी पढे़ं- मेरठ: पूर्व विधायक संगीत सोम ने सपा अध्यक्ष पर कसा तंज, बोले- पश्चिमी उत्तर प्रदेश बनने जा रहा मिनी पाकिस्तान
सिसौला खुर्द गांव में रहने वाले प्रभात चौधरी की शादी किठौली की रहने वाली प्रिया से बुधवार देर रात होनी थी। प्रभात बारात लेकर बाफर गांव पहुंचे। यहां, विवाह मंडप में शादी का कार्यक्रम था। रात लगभग 10 बजे बाराती, बारात लेकर मैरिज हॉल पहुंचे। मैरिज हॉल के सामने ही द्वारपूजा का कार्यक्रम चल रहा था। जबकि, बाराती डीजे पर नाच रहे थे। इसी दौरान मेरठ की ओर से आई तेज रफ्तार मारुति ईको कार बारातियों के बीच घुस गई और कई लोगों को कुचल दिया। बारात में कार के घुसने से वहां चीख-पुकार मच गई। नाचते-गाते बाराती, खून से लथपथ जमीन पर गिरने लगे। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानी थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में एक छात्र समेत तीन की मौत हुई है। मृतकों में दूल्हे के चचेरे भाई वरुण और विकास की मौत हो गई। दोनों सिसौला खुर्द के रहने वाले थे। वरुण 12वीं का छात्र था। जबकि, विकास किसान था। तीसरा मृतक का नाम महेंद्र है। उसकी उम्र 40 साल है। वह बुलंदशहर का रहने वाला है। गाजियाबाद से बारात में शामिल होने के लिए मेरठ आया था। बारातियों ने चालक को पकड़कर उसकी धुनाई की। पुलिस ने किसी तरह चालक को बचाया। वहीं, देर रात चुनिंदा रस्मों के बाद दुल्हन की विदाई कर दी गई। पुलिस ने तीनों मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों के परिजनों ने चालक के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ये भी पढे़ं- मेरठ में दरोगा ने गोली मारकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
