हल्द्वानी: टीएचआर योजना में महिलाओं को परोसा जाएगा पौष्टिक पका हुआ भोजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बजट पर चर्चा के दौरान दी जानकारी, केंद्र सरकार के बजट की भी उपलब्धियां गिनाई

हल्द्वानी, अमृत विचार। जनपद प्रभारी मंत्री रेखा आर्य ने गुरुवार को मुखानी स्थित भाजपा के कुमाऊं संभाग कार्यालय में बजट पर चर्चा की। कैबिनेट मंत्री आर्य ने कहा कि  केंद्र सरकार के बजट में हर  वर्ग के लिए कुछ न कुछ है। विपक्ष समेत अन्य राजनैतिक संगठनों को उम्मीद थी कि आगामी निकाय व लोकसभा चुनाव को देखते हुए चुनावी व लोकलुभावन बजट पेश किया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

खुद विपक्ष भी इस बजट को चुनावी बजट नहीं बता पा रहा है। यह बजट देश की स्वर्ण जयंती की नीव व अमृत काल का पहला बजट है। उन्होंने सरकार की किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग के लिए योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।  जनपद प्रभारी मंत्री ने कहा कि अब टेक होम राशन में पात्र को कच्चा नहीं बल्कि पका हुआ पौष्टिक भोजन दिया जाएगा। अभी तक कच्चा राशन दिया जाता था इस वजह से पात्र महिला को इसका लाभ नहीं मिल पाता था। पात्र को लाभ दिलाने के लिए यह फैसला लिया गा है। राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया बकाया होने पर जवाब दिया कि नवंबर तक का किराया दे दिया गया है। केंद्र से बजट मांगा गया है, बजट मिलने पर किराया दे दिया जाएगा। अगले सत्र से प्रयास रहेगा कि आंगनबाड़ी केंद्र को सरकारी स्कूल या सरकारी  भवन में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने स्टेडियम की बदहाली पर कहा कि उत्तराखंड में 38 वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हो रहा है। हल्द्वानी व रायपुर में स्टेडियम के लिए बजट आवंटित किया है और खेल गतिविधियां शुरू हो गई हैं।

धामी सरकार में युवाओं की शिकायतों पर हो रही सुनवाई  व कार्रवाई 


जनपद प्रभारी मंत्री आर्य ने पेपर लीक व नकल प्रकरण मेंकहा कि पूर्व में ऐसी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था। उनकी सुनवाई नहीं होती थी लेकिन मुख्यमंत्री धामी की सरकार में युवाओं की शिकायत पर सुनवाई और कार्रवाई हो रही है। सरकार युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए विज्ञप्ति व भर्तियां कर रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को हताश होने की जरूरत नहीं है जल्द ही नकल विरोधी कानून का प्रावधान होगा। इसमें नकल करने वाले और पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। 
 

हाथ जोड़ो यात्रा फ्लॉप, कांग्रेसियों को मन जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए


हल्द्वानी। जनपद प्रभारी मंत्री रेखा आर्य ने कांग्रेस की भारत जोड़ो और हाथ जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा जिन-जिन राज्यों से गुजरी वहां-वहां कांग्रेस के नेताओं ने दल छोड़ दिया। इसी तरह हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा में ढूंढे से कार्यकर्ता नहीं मिल रहे हैं। उनकी यह यात्रा पूरी तरह फ्लॉप रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह की बंद कमरे में गोपनीय बैठक पर बंद कमरे में मिलने से कुछ नहीं होगा जब तक उनके मन नहीं मिलेंगे। कांग्रेसियों को आपसी मन मिलाने के लिए मन जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस के खात्मे के लिए किसी अन्य की जरूरत नहीं राहुल गांधी ही काफी हैं।

यह भी पढ़ें: रामनगर: खनन माफिया जबरन छुड़ा कर ले गए वाहन  

संबंधित समाचार