Weather News: धूल भरी तेज हवाओं ने फिर कराया ठंड का एहसास
हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार को शहर और आसपास के इलाकों में दिनभर धूल भरी हवा चलती रही। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। तेज हवाओं ने बढ़ती गर्मी के बीच एक बार फिर ठंडक का एहसास कराया।
मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच अब गर्मी धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है। लोगों ने दोपहर में हल्के कपड़े पहनने शुरू कर दिये हैं। हालांकि सुबह-शाम हल्की ठंड हो रही है। रविवार को सुबह से ही मौसम काफी बदला-बदला रहा। सुबह से ही हवा चलती रही जो कि दिन चढ़ने के साथ तेज हो गई। ठंडक लिए तेज हवाओं के साथ धूल का गुबार भी उठने लगा। इससे दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साथ ही चौपहिया व अन्य वाहनों के चालकों को भी गति कम करनी पड़ी। वहीं, बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को धूल से बचने के लिए चेहरे को कपड़ों से ढकना पड़ा।
12 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा
पंतनगर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि रविवार को उत्तर पश्चिम से चली पछुवा हवा ने लोगों को परेशान किया। लगभग 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली है। डॉ. सिंह ने बताया कि 15 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। कभी गर्म तो कभी ठंड का एहसास होगा। रविवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तेज हवा के चलते आती-जाती रहती बिजली
रविवार को शहर के कई इलाकों में दिनभर बिजली की आंख मिचौली चलती रही। शहर के समता आश्रम गली, सिंधी चौराहा, देवल चौड़, मंगलपड़ाव आदि जगहों पर घंटों बिजली गुल रही। कुछ क्षेत्रों में ट्रासफार्मर फुंक जाने के कारण आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल रहने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मुख्य समस्या पानी की रही। साथ ही कारोबारियों को भी बिजली न होने से परेशानी का सामना करना पड़ा।
