लखनऊ : जानिये किसके इशारे पर शहर से हट गए अतिक्रमण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जीआईएस और जी 20 के लिए वृंदावन योजना के साथ शहर में सब साफ

अमृत विचार, लखनऊ। किसके एक इशारे पर शहर से अतिक्रमण हट गये, जहां इससे पहले हर तरफ अतिक्रमण का ही बोल-बाला था। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) और जी 20 सम्मेलन की तैयारियों को लेकर वृंदावन योजना के आस-पास और शहर के अधिकांश इलाकों से अतिक्रमण हट गए हैं। यह तब है जब अधिकारियों की जान पर बन आयी। वृंदावन योजना में विवादित जमीन को भी खाली करा लिया गया है। इससे साफ है कि अधिकारी चाहें तो शहर में अतिक्रमण और जाम की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो सकती है।

शहर में जब भी प्रधानमंत्री का आगमन हो या फिर कोई बड़ा आयोजन अतिक्रमण पर अधिकारियों का चाबुक चलने लगता है। मुख्य मार्गों पर पटरी दुकानदार, खान-पान की दुकानें, ठेले, गुमटी और सड़क पर बेतरतीबी से खड़े हो रहे वाहनों पर नगर निगम और पुलिस विभाग कार्रवाई शुरू कर देता है। कार्यक्रम तक शहर अतिक्रमण मुक्त हो जाता है। लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के साथ ही फिर अतिक्रमण की खुली छूट दे दी जाती है। यह इस बात की ओर भी इशारा करता है कि जिम्मेदार विभागों की मौन सहमति के बाद ही शहर में जगह-जगह अतिक्रमण का बोल-बाला है।

मुख्य मार्ग पर भवन निर्माण सामग्री बिगाड़ रही योजना की सूरत

वृंदावन योजना के सेक्टर 9 स्थित कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर मुख्य मार्ग पर खाली पड़े भूखंड पर निर्माण सामग्री योजना की सूरत बिगाड़ रही है। सड़क के दोनों ओर आवास विकास की इस बेशकीमती जमीन पर कोयला, सीमेंट के ब्लॉक, गमले और बॉस रखकर अतिक्रमण किया गया है। कार्रवाई के नाम पर विभाग के अधिकारी इस जमीन को विवादित बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं। लेकिन आयोजन से ठीक पहले इस जमीन से अधिकारियों ने अतिक्रमण हटवा लिया।

वृंदावन योजना में मुख्य मार्गों से पटरी दुकानदार गायब

वृंदावन योजना में शहीद पथ के पास सेक्टर 10 में 45 मीटर चौड़ी सड़क पर शाम होते ही खान-पान की दुकानें सड़क पर लग जाती थीं। सेक्टर दो में डेंटल अस्पताल के पीछे और पीजीआई से वृंदावन योजना के प्रवेश द्वार पर मुख्य मार्ग पर सड़क पर दुकानदारों का अतिक्रमण रहता था। जिम्मेदार विभागों की सख्ती के बाद अब सभी दुकानें यहा से गायब हैं। जो कार्यक्रम समाप्त होने के साथ ही वापस अपनी जगह पर आ जाएंगी।

मोती महल लॉन के बाहर नर्सरी की दुकानें हटायीं

आयोजन को लेकर हजरतगंज में मोती महल लॉन के बाहर नर्सरी की दुकानें भी हटायी जा चुकी हैं। जबकि यहां नगर निगम ने यहां वेंडिंग जोन बनाकर पटरी दुकानदारों को लाइसेंस दिया है। लेकिन ये दुकानदार आधी सड़क तक पेड़-पौधे रखकर अतिक्रमण कर लेते थे। जिससे यहां रोज जाम की समस्या बनी रहती थी।

यह भी पढ़ें : बहराइच : खेत में गए बालक पर तेंदुए ने किया हमला, घायल

संबंधित समाचार