Uttarakhand News: चम्पावत के लिए मुख्यमंत्री ने खोला पिटारा  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विधायक निधि से 3 करोड़ 18 लाख की धनराशि की आवंटित

टनकपुर, अमृत विचार।अपने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिटारा खोल दिया है। मुख्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में 113 ग्राम पंचायतों एवं नगर पालिका क्षेत्रों के 151 तोकों में विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ 18 लाख की  धनराशि आवंटित कर दी गयी है, जिससे 94 सीसी मार्ग, 39 मंदिरों का सौंदर्यीकरण कार्य, 3 पुलियाओं का निर्माण कार्य, 6 धर्मशालाओं का निर्माण कार्य, 2 चाहर दिवारी निर्माण कार्य, 2 पेयजल टैंकों का निर्माण, 2 सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण, 5 सुरक्षा दीवारों के निर्माण कार्य, 6 नालियों का निर्माण कार्य, 1 बाढ़ सुरक्षा के लिए वायर क्रेट निर्माण कार्य, 4 टिन सेड निर्माण, 3 खेल मैदानों का विस्तारीकरण, 2 कक्षा कक्षों का निर्माण कार्य, 1 स्नान घाट निर्माण कार्य, 2 इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने का कार्य, 1 धार्मिक क्रियाशाला का निर्माण कार्य किया जाना है।

पहली बार मुख्यमंत्री की विशेष पहल से टनकपुर और चम्पावत स्थित मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल की ओर से मुख्यमंत्री के निर्देश पर सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र की जनता से बैठकों के माध्यम से विकास कार्य के लिए प्रस्ताव प्राप्त कर कार्य किये जा रहे हैं।

नोडल अधिकारी बृजवाल ने बताया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता के अनुरूप कार्यों को करने के लिए क्षेत्र के वरिष्ठजनों एवं जनप्रतिनिधियों की टीम बनाई गई है, जो समय-समय पर विधायक निधि के माध्यम से किये जा रहे कार्यों की देखरेख करेंगे। इधर मुख्यमंत्री धामी की ओर से विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में विकास कार्यों के लिए पिटारा खोलने पर तमाम जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों ने उनका आभार जताया है।

 

संबंधित समाचार