बाजपुर: आग से पांच झोपड़ियां जलकर राख, लाखों का नुकसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। अज्ञात कारणों से लगी आग में 5 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सारा सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।

नगरीय क्षेत्र की सीमा से सटे ग्राम नंदपुर नरकाटोपा में सुबह करीब 8:30 बजे याकूब पुत्र जलालुद्दीन की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसने एक के बाद एक-दूसरे से सटीं अय्यूब, अर्जिना पत्नी पप्पू, रुखसाना व छोटे की झोपड़ी को भी चपेट में ले लिया। जब तक ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़े तब तक आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

इसी बीच सूचना मिलने के बाद अग्निशमन फायर ब्रिगेड प्रभारी चंदन सिंह, फायरमैन विनोद जोशी, दमकल कर्मी मनोज पांडेय व चालक दीपक चंद्र आदि वाहन लेकर पहुंच गए और किसी तरह आग पर काबू पाया। बताया गया कि इस अग्निकांड में याकबू की झोंपड़ी में बेटी की शादी के लिए जोड़कर रखी 70 हजार रुपये की नकदी, बाइक व घरेलू सामान, अय्यूब के 50 हजार रुपये के साथ ही घरेलू सामान, अर्जिना की झोंपड़ी में रखे 40 हजार रुपये की नकदी एवं घरेलू सामान तथा रुखसाना के यहां रखे 3 लाख 20 हजार रुपये की नकदी के साथ ही घरेलू सामान जलकर राख हो गया है।

इसके अलावा छोटे की झोपड़ी में खड़ी बाइक एवं घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया है। वहीं, झोपड़ी में आग लगने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पीड़ितों ने राजस्व विभाग को घटना की सूचना देते हुए जांच कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

संबंधित समाचार