गदरपुर: सरेआम सती मठ मंदिर से पैसों की गुल्लक ले उड़ा शातिर चोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गदरपुर, अमृत विचार। एक शातिर चोर सरेआम एक धार्मिक स्थल से रुपयों से भरी गुल्लक लेकर चलता बना। दिनदहाड़े बीच शहर में हुई चोरी की इस घटना ने पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी। चोरी की बढ़ती घटनाओं के बावजूद भी पुलिस प्रशासन कार्यवाही करने के बजाय हाथ पर हाथ रखे बैठा है जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।


शुक्रवार को थाना परिसर से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित सती मठ मंदिर मे उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिनदहाड़े एक शातिर चोर धार्मिक स्थल पर रखी पैसों की गुल्लक लेकर चंपत हो गया। चोरी की पूरी घटना धार्मिक स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि बेखौफ चोर बड़ी ही इत्मीनान के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद गुल्लक को हाथ में लेकर जा रहा है।

शहरी आबादी के बीच बने धार्मिक स्थल पर हर साल की भांति इस वर्ष भी कांवड़ यात्रियों के लिए खाने पीने से लेकर उनके रुकने तक की व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही थी। जिसमें काफी संख्या में भोले लंगर प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। उसी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर रुपयों से भरी गुल्लक लेकर नौ दो ग्यारह हो गया।

कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और उनके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर तैनात रहने का दावा करने वाली मित्र पुलिस मूकदर्शक बनी रही। सोने की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई जिसमें सफेद रंग की चेक शर्ट पहने एक चोर रुपयों से भरी गुल्लक को लेकर जाता दिखाई दे रहा है।

चोरी की पूरी घटना की वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है जिसमें मंदिर समिति ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि इस प्रकार के हुलिए का कोई भी व्यक्ति यदि दिखाई देता है तो उसकी सूचना तत्काल थानाध्यक्ष गदरपुर को दे। बताते चलें कि पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में चोरी चकारी, छीना झपटी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। जबकि पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के दावे करने वाली मित्र पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से नाकाम होती दिखाई दे रही है। 

संबंधित समाचार