रुद्रपुर: यूपीसीएल यूएसनगर में इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च करेगा 289.46 करोड़
बीरेन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर, अमृत विचार। ऊधमसिंह नगर में बिजली व्यवस्था में सुधार करने के लिए यूपीसीएल ने कमर कस ली है। जिसके लिए यूपीसीएल इंफ्रास्ट्रक्चर पर 289.46 करोड़ रुपये खर्च करेगा। यूपीसीएल को जिले में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए आरडीएसएस योजना के तहत केंद्र सरकार से 555.15 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।
यूपीसीएल केंद्र सरकार से प्राप्त धनराशि में से करीब 265.59 करोड़ रुपये स्मार्ट मीटर को लगाने में खर्च करेगा, जबकि 289.46 करोड़ रुपये को यूपीसीएल अन्य इंफ्रास्ट्रकचर को बनाने में खर्च करेगा। विभाग ने 2768 डैमेज बिजली के पोलों को बदलने का फैसला लिया है। अलावा 728 किमी. तक एबी केबिल डाली जाएगी।
योजना के तहत यूपीसीएल ओवर लोडेड एग्रीकल्चर फीडरों की क्षमता कम करने के लिए यूपीसीएल सितारगंज क्षेत्र में 8 नए फीडर लगायेगा। इसके अलावा रुद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, खटीमा में 42 किमी. तक पुराने कंडक्टर बदले जाएंगे। यूपीसीएल के अधिकारियों के अनुसार जिले में 11 केवी के ओवर लोडेड फीडर की क्षमता कम करने के लिए काशीपुर, रुद्रपुर, जसपुर में 18 फीडर लगाये जाएंगे।
जनपद में लगेंगे 399320 स्मार्ट मीटर
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में बिजली चोरी को रोकने के लिए यूपीसीएल जिले में घरेलू, व्यावसायिक और सिडकुल क्षेत्र में पुराने मीटर की जगह 399320 स्मार्ट मीटर लगायेगा। इसके लिए देहरादून मुख्यालय में टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। अप्रैल माह से स्मार्ट मीटर लगने शुरू हो जाएंगे। खास बात यह है कि स्मार्ट मीटर को फोन से रिचार्ज करना होगा।
स्मार्ट मीटर कनेक्ट होंगे कंट्रोल रूम में बने सॉफ्टवेयर से
रुद्रपुर। यूपीसीएल के अधिकारियों के अनुसार स्मार्ट मीटर पर नजर रखने के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसके लिए जिले के सब स्टेशनों के फीडर में 460 स्मार्ट मीटर लगाये जाएंगे। ये सभी स्मार्ट मीटर कंट्रोल रूम में लगे सॉफ्टवेयर से कनेक्ट होंगे। मीटर खराब होने या मीटर में छेड़ाखानी होने पर सीधे सूचना कंट्रोल रूम में आयेगी। इसके बाद यूपीसीएल की टीम कार्रवाई करेगी।
ऊधमसिंह नगर में आरडीएसएस योजना के तहत इंफ्रास्ट्रक्चर पर 289.46 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। इससे बिजली की व्यवस्था में काफी सुधार होगा। इसे अलावा अप्रैल माह में घरेलू, व्यावसायिक और सिडकुल क्षेत्र में करीब 399320 स्मार्ट मीटर लगाये जाएंगे। अप्रैल से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस कार्य में 265.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
-शेखर त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण खंड रुद्रपुर
