Hamirpur : शासन की सख्ती के बाद भी नहीं रूक रहीं हर्ष फायरिंग की घटना, डांस करने को लेकर विवाद में चली गोली, दो घायल
हमीरपुर में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग से दो घायल।
हमीरपुर के राठ में शादी समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद हो गया। इस पर गोली चलने से दो लोग घायल हो गए।
हमीरपुर, अमृत विचार। शासन की सख्ती के बाद भी वैवाहिक कार्यक्रमों में हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंध नहीं लग पा रहा है। कई बार कार्रवाई होने के बाद भी लोग खुलेआम फायरिंग करने से बाज नहीं आ रहे हैं। एक ऐसा ही मामला कस्बे के उरई रोड स्थित एक विवाह घर में देखने को मिला। डीजे में डांस करने के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां पर हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
मझगवां थाने के नौरंगा गांव निवासी करन सिंह राजपूत की पुत्री सृष्टि की शुक्रवार रात उरई रोड स्थित गोल्डन रिसोर्ट से शादी थी। बारात चरखारी से आई थी। रात करीब दो बजे जयमाला का कार्यक्रम के बाद कुछ लोग डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। तभी एक युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी। जिससे वहां पास मौजूद नौरंगा निवासी प्यारेलाल अहिरवार (61) पुत्र दयाराम और राहुल साहू (30) पुत्र तुलसीदास गोली लगने से घायल हो गए। इससे वहां मौजूद लोगों ने देखा तो अफरा तफरी मच गई।
आनन फानन घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया। गोल्डन रिसोर्ट के मैनेजर महाराज सिंह ने बताया कि विवाह घर में हर्ष फायरिंग की सख्त मनाही है। इसके लिए चेतावनी के पोस्टर भी अंदर लगे हुए हैं। इस घटना को लेकर सीओ प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। बताया कि कोतवाली इंस्पेक्टर को हर्ष फायरिंग प्रकरण के संबंध में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं
