रामनगरः भाजपा कार्यसमिति ने आगामी निकाय व लोकसभा चुनाव के लिए दिया जीत का मूल मंत्र
रामनगर, अमृत विचार। कोसी रोड स्थित अग्रवाल सभा भवन में रविवार को भाजपा नगर मंडल नवनियुक्त कार्यकारिणी की प्रथम कार्यसमिति की बैठक में लोकसभा व निकाय चुनावो की तैयारियों में जुट जाने पर गहराई से मंथन किया गया। कार्यसमिति की बैठक में मुख्य वक्ता पूर्व दर्जा राज्यमंत्री एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तरुण बंसल ने कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ता हैं। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व जेपी नड्डा के प्रयासों से भाजपा देश की नहीं बल्कि, पूरी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की ही मेहनत का फल है कि संसद में सबसे ज्यादा चुने जाने वाले सांसद भाजपा के ही हैं।
तरुण बंसल ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के साथ ही जिला कार्यकारिणी की कार्यसमिति संपन्न हो चुकी है जिसके बाद अब प्रदेश में नगर कार्यसमिति का कार्यक्रम चल रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी का आगे 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव का लक्ष्य है। उन्होंने इस लक्ष्य को पूर्ण बहुमत के साथ हासिल करने की बात करते हुए कहा कि 2023 में उत्तराखंड में होने वाले निकाय चुनाव में भी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी। यही कार्यसमिति का संकल्प है।
भाजपा नगर अध्यक्ष मदन जोशी की अध्यक्षता में सम्पन्न कार्य समिति में विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने संगठन की मजबूती पर बल दिया। मंडल प्रभारी विनीत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि एकता के सूत्र में बंधकर सभी को आगे भी कार्य में जुटना है। नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने निकाय चुनावों में इस बार भाजपा का परचम लहराने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि रामनगर नगर पालिका चुनाव में आज तक अध्यक्ष पद पर भाजपा जीत दर्ज नहीं कर पाई है लेकिन इस बार भाजपा जीत का मूलमंत्र लेकर उतरेगी। कार्यसमिति का संचालन महामंत्री आशीष ठाकुर, राजेन्द्र मित्तल, मनोज रावत ने किया।
इस दौरान अंजना सुंदरियाल, नवीन करगेती, पूर्व पालिकाध्यक्ष भगीरथ लाल चौधरी, अरुण कुमार आर्य, राहुल रावत, मनीष अग्रवाल, सत्यप्रकाश शर्मा, मनमोहन सिंह मेहरा, नदीम अख्तर, दीप्ती रावत, जय प्रकाश जोशी, बसंत नेगी, नीमा मठपाल, गणेश रावत, पूर्व नगर अध्यक्ष भावना भट्ट, भाजपा नेत्री आशा बिष्ट, रूचि गिरी शर्मा, नरेंद्र शर्मा मौजूद रहे।
