लखनऊ : कुत्ते का आतंक, महिला इंस्पेक्टर को काटा, पुलिस से हुई शिकायत
अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी में कुत्तों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। यहां आये दिन आम लोग कुत्तों का शिकार बन घायल हो रहे हैं। ताजा मामला वृंदावन कॉलोनी का सामने आया है। इस कालोनी में रहने वाली महिला इंस्पेक्टर को एक कुत्ते ने हाथ में काट लिया है। महिला का आरोप है कि उनके पड़ोसी के कुत्ते ने उन्हें काटा है और यह सबकुछ हुआ है पड़ोसी के इशारे पर। जिसके चलते पीड़ित महिला ने पीजीआई कोतवाली में लिखित शिकायत की है।
दरअसल, वृंदावन सेक्टर-14 निवासी नंदा शुक्ला कोआपरेटिव सेल में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। वहीं उनके पति अमित दूबे इंस्पेक्टर है और मौजूदा समय में गोरखपुर में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को नंदा शुक्ला अपने कुत्ते को टहला रहीं थीं। इसी बीच उनके पड़ोस में रहने वाले दंपत्ति भी अपना कुत्ता टहला रहे थे।
आरोप है कि नंदा शुक्ला को कुत्ता टहलाता देख उनके पड़ोसी वासुदेव यादव ने अपने पालतु कुत्ते के गले का पट्टा खोल दिया। पट्टा खुलते ही कुत्ता आक्रामक हो उठा और उसने नंदा शुक्ला के कुत्ते पर हमला बोल दिया। नंदा शुक्ला अपने कुत्ते को बचाने लगीं। इसी बीच हमलावर कुत्ते ने उनके हाथ में काट लिया। आरोप तो यहां तक है कि इतना कुछ होने के बाद भी वासुदेव व उसकी पत्नी ने अपने कुत्ते को संभालने का प्रयास तक करना मुनासिब नहीं समझा।
नन्दा शुक्ला ने आरोप लगाया है कि वासुदेव यादव जानबूझकर अपने कुत्ते को टहलाने के लिए उनके घर के सामने लाते हैं। जिसके चलते अक्सर कुत्ता घर के सामने गंदगी कर देता था। जिसका विरोध नन्दा ने किया था। तभी से वासुदेव इस बात का विरोध मानते हैं।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : आश्वासन अधूरा, बढ़ा आक्रोश, दोबारा प्रदर्शन करेंगे किसान
