हल्द्वानी: रोजगार दिलाने के नाम पर आरडी और एफडी कराकर लोगों से 46 लाख रुपये ठगी
हल्द्वानी, अमृत विचार। रोजगार दिलाने के नाम पर आरडी और एफडी कराकर लोगों से 46 लाख रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। कंपनी में एजेंट के तौर पर रखे गए महिला और पुरुष ने कंपनी के सात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर किसी भी प्रकार की अनहोनी के लिए जिम्मेदार बताया है। सीओ से की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विजन सोशियल सोसायटी व विदत अक्षय निधि लिमिटेड में 2018 से एजेंट का काम करने वाली बेलपड़ाव निवासी उमा रावत और 2014 से सेवा दे रहे कालाढूंगी निवासी मोहन चंद्र सती ने कंपनी सहित अन्य पर लाखों की ठगी का आरोप लगाया है। उमा रावत का कहना है कि कंपनी के एरिया मैनेजर ने सरकारी योजनाओं का हवाला देते हुए उनके माध्यम से लोगों से आरडी और एफडी कराने का झांसा दिया।
चार साल में स्वयं उन्होंने और अन्य ग्रामीणों ने 22 लाख की रकम जमा कर दी। वहीं कालाढूंगी निवासी मोहन चंद्र सती ने भी कंपनी पर लोगों को झांसे में लेकर 24.15 लाख रुपए की आरडी-एफडी कराने का आरोप लगाया है। दोनों का कहना है कि लोगों का दबाव बढ़ने पर उन्होंने कर्ज लेकर कुछ धनराशि वापस तो की, लेकिन शेष के लिए रोजाना विवाद हो रहा है। दोनों ने किसी प्रकार की अनहोनी होने पर सीएमडी डायरेक्टर अरविंद पंत, अध्यक्ष डायरेक्टर संतोष पंत, महासचिव आनंद सिंह मेहरा, एरिया मैनेजर गोपाल दत्त, अंकिता जोशी, दिनेश गोहनिया और योगेश कांडपाल के जिम्मेदार होने की बात कही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया है।
