रुद्रपुर: कूड़ा कलेक्शन का यूजर चार्ज वसूलेगा महिला स्वयं सहायता समूह
रुद्रपुर, अमृत विचार। नगर निगम द्वारा किया जाने वाला डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का यूजर्स चार्ज का जिम्मा अब महिला स्वयं सहायता समूह संभालेगा। समूह की 89 महिलाओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
अब तक कूड़ा उठाने के यूजर्स चार्ज का कलेक्शन अनुबंधित फर्म द्वारा ही किया जाता था। अब ये काम महिला स्वयं सहायता समूह संभालेगा। नगर निगम ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए महानगर को दो जोन में बांटा है। दोनों जोनों में यूजर्स चार्ज वसूलने के लिए नगर निगम के महिला स्वयं सहायता समूहों में से 89 महिलाओं का चयन कर नारी शक्ति सेना के नाम से एक महिला समूह बनाया गया है।
यह समूह अब घर-घर जाकर यूजर्स चार्ज वसूल करेगा। साथ ही कूड़ा कलेक्शन में आ रही दिक्कतों का समाधान भी करवाएगा। नारी शक्ति सेना के लिए चयनित की गई महिलाओं को डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में प्रशिक्षण दिया गया और इसके बाद मेयर रामपाल सिंह, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत और मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा ने संयुक्त रूप से महिलाओं को आईडी कार्ड वितरित किये। इस दौरान मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि महिलाओं को आत्म निर्भर और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम ने यूजर्स चार्ज वसूलने की जिम्मेदारी सौंपी है।
यूजर्स चार्ज वसूली के लिए समूह को 25 प्रतिशत का भुगतान किया जाएगा। मेयर ने शहरवासियों से भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सहयोग की अपील की है। जिलाधिकारी युगल किशोर पंत ने कहा कि शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए सराहनीय पहल की गई है। उन्होंने कहा कि यूजर चार्जेज वसूलने के साथ-साथ जनता को गीला एवं सूखा कूड़ा निस्तारण आदि के बारे में भी विशेष तौर पर जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हर घर से कूड़ा उठाया जाये और कूड़ा कलेक्शन के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्यवाही की जाए। इस दौरान कोषाधिकारी जुबक मोहन सक्सेना, एसएनए राजू नबियाल सहित अन्य अधिकारी व महिलाएं मौजूद थे।
