काशीपुर: इनोवा गाड़ी लेकर चंपत ड्राइवर को साथी के साथ दबोचा
काशीपुर, अमृत विचार। इलेक्ट्रिकल व्यवसायी मनोज अरोरा की इनोवा गाड़ी लेकर फरार हुए ड्राइवर को पुलिस ने साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गाड़ी को भी बरामद कर लिया है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि 18 फरवरी को व्यापारी मनोज अरोरा की पत्नी मोहल्ला कटरामालियान निवासी आभा अरोरा ने पुलिस को दी तहरीर में उनके ड्राइवर अमित द्वारा बिना बताए गाड़ी लेकर भाग जाने की रिपोर्ट दर्ज कर कराई थी।
जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज आरोपी की तलाश में क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी थी। सोमवार देर शाम पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि ड्राइवर अमित एक फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर वाहन के साथ नए ढेला पुल की तरफ से प्रतापपुर आने वाला है। जिस पर पुलिस ने ढेला पुल पर चेकिंग के दौरान बैलजुड़ी के पास जब उस नंबर की गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोक दी।
उसके बाद वह और कार में बैठा उसका साथी कार से निकलकर भागने का प्रयास करने लगे। जिस पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी का नाम मनीष कुमार निवासी बरादरी, बदायूं, यूपी बताया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गाड़ी बेचने की फिराक में थे आरोपी
काशीपुर। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि आरोपी अमित यहां पिछले 7-8 वर्षों से ड्राइवर का कार्य कर रहा था। लालच के कारण वह उनकी गाड़ी को लेकर फरार हो गया और अपने साथी मनीष के साथ मिलकर उसे बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
व्यापारियों ने पुलिस टीम को किया सम्मानित
काशीपुर। देवभूमि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने गाड़ी की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस टीम का फूल माला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ पुलिस प्रशासन की हौसला अफजाई के लिए खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 5100 रुपये का चेक प्रदान किया। पुलिस टीम में पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा, एसआई अशोक कांडपाल व धीरेंद्र सिंह परिहार, कांस्टेबल कैलाश तोमक्याल, दीपक कठैत, गिरीश मठपाल, कुलदीप आदि शामिल रहे। वहीं सम्मानित करने वालों में देवभूमि व्यापार मंडल की ओर से गुरविंदर सिंह चंडोक, आशीष अरोरा बॉबी, सुनील टंडन, राजीव सेतिया, राकेश नरूला, ललित अरोरा, प्रभजोत सिंह आदि मौजूद रहे।
कार मालिक को ड्राइवर ने दिया था फर्जी आधार कार्ड
काशीपुर। पुलिस के अनुसार ड्राइवर ने नौकरी के समय मनोज अरोरा को फर्जी आधार कार्ड दिया था। जिस पर भरोसा कर उन्होंने उसे रख लिया। इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरतते हुए उसका पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया। गाड़ी चोरी होने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की, तो आरोपी का आधार कार्ड फर्जी पाया गया।
