रुद्रपुर: बिजली दरों को 16.96 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव
रुद्रपुर, अमृत विचार। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग की ओर से राज्य में वर्ष 2023-24 के लिए प्रस्तावित विद्युत दरों में बढ़ोत्तरी पर जन सुनवाई का आयोजन हुआ। इस दौरान आयोग ने आम उपभोक्ताओं का पक्ष सुना, 35 उपभोक्ताओं ने आयोग के समक्ष सुझाव रखे और आपत्तियां दर्ज कीं।
बुधवार को विद्युत दरों के प्रस्ताव पर जिला पंचायत ऊधम सिंह नगर के सभागार में जन सुनवाई आयोजित हुई। जन सुनवाई से पूर्व राजस्व की कमी की पूर्ति के लिए राज्य की विद्युत कंपनियों यूपीसीएल, पिटकुल, यूजेवीएनएल एवं एसएलडीसी की ओर से वित्तीय वर्ष 2023-24 की विद्युत दरों में बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया। इसके तहत सभी विद्युत कंपनियों ने टैरिफ में 28.57 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव रखा।
यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं पर लागू विद्युत दरों में 16.96 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखा। जन सुनवाई में घरेलू एवं अघरेलू श्रेणी, उद्योग श्रेणी, पीटीडब्ल्यू के उपभोक्ताओं के सुझावों एवं आपत्तियों को सुनने के बाद आयोग की ओर से दरें निर्धारित की जाएंगी। नई विद्युत दरें एक अप्रैल 2023 से लागू होंगी। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष डीपी गैरोला, सदस्य तकनीकी मनोज कुमार जैन, सचिव नीरज सती, निदेशक रजनीश माथुर, निदेशक दीपक पांडे, प्रभात किशोर डिमरी, निदेशक तकनीकी दीपक कुमार, डायरेक्टर प्रोजेक्ट एके अग्रवाल, चीफ इंजीनियर कुमाऊं जोन अतुल गर्ब्याल, अधीक्षण अभियंता शेखर त्रिपाठी समेत यूपीसीएल के कई अधिकारी मौजूद रहे।
यूपीसीएल ने बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए यह रखा प्रस्ताव
उपभोक्ता वर्तमान चार्ज (प्रति यूनिट) प्रस्तावित चार्ज (प्रयू)
लाइफ लाइन उपभोक्ता (बीपीएल) 1.65 रुपया 1.70 रुपया
यूपीसीएल ने अन्य घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह रखा प्रस्ताव
यूनिट वर्तमान चार्ज (प्रति यूनिट) प्रस्तावित चार्ज (प्रयू)
100 यूनिट प्रतिमाह 2.90 रुपया 3.00 रुपया
101-200 यूनिट प्रतिमाह 4.20 रुपया 4.55 रुपया
201-400 यूनिट प्रतिमाह 5.80 रुपया 6.35 रुपया
400 यूनिट से अधिक प्रतिमाह 6.55 रुपया 7.15 रुपया
