हल्द्वानी: पार्किंग नहीं होने पर स्टैंडर्ड स्वीट्स समेत आठ के चालान
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला विकास प्राधिकरण ने पार्किंग नहीं होने पर नैनीताल रोड व सिंधी चौराहे स्थित आठ प्रतिष्ठानों के चालान किए हैं। आगामी 27 फरवरी को इन प्रतिष्ठान स्वामियों के लिए सुनवाई का अवसर दिया गया है। इनका पक्ष सुनने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, शहर में 13 प्रतिष्ठानों के पास पार्किंग नहीं है। यह भी देखने में आया था कि इन प्रतिष्ठानों ने नक्शे में पार्किंग का उल्लेख किया था लेकिन स्थलीय निरीक्षण में पार्किंग नदारद थी। इस पर डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बीती 20 अप्रैल 2022 को समीक्षा बैठक कर संयुक्त सचिव/सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को एक सप्ताह में नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने 13 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया था। इनमें पांच ने तो पार्किंग का इंतजाम कर लिया है जबकि आठ प्रतिष्ठानों में स्थलीय निरीक्षण में मिला कि पार्किंग के लिए स्थान नहीं है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट की ओर से नोटिस जारी किया गया था लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने गुरुवार को आठों प्रतिष्ठानों का चालान किया है। अब इन्हें सुनवाई के लिए 27 फरवरी की तारीख नियत की है। यदि स्पष्टीकरण देने पाने में असमर्थ है तो प्रतिष्ठानों के खिलाफ सील की कार्रवाई भी की जा सकती है। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि इस मामले में उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये हैं प्रतिष्ठान
1.केके एक्सक्लूसिव नैनीताल रोड परवीन बेगम पत्नी शकील अहमद
2.हेमकुंड टावर भूपेंद्र कौर पत्नी स्व. सुरजीत सिंह तिकोनिया
3.स्टैंडर्ड स्वीट्स हल्द्वानी
4.रीबाउडिंग जंक्शन दुर्गा सिटी सेंटर हल्द्वानी
5.संजीव अग्रवाल पुत्र प्यारे लाल अग्रवाल दमुवाढूंगा बंदोबस्ती
6.होटल त्रिशूल द्रोपदी पत्नी स्व.मंगल सिंह नैनीताल रोड
7.टीआर टावर/कैलाश टावर संतोष कुमार पत्नी कैलाश खनेजा एवं नरेंद्र सखावतगंज मिशन कंपाउंड नैनीताल रोड
8.बजरंग लाइफ स्टाइल नैनीताल रोड सुनीता अग्रवाल पत्नी स्व. राकेश अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, अमन अग्रवाल
पार्किंग नहीं होने पर आठ प्रतिष्ठानों के चालान किए गए हैं। इनको सुनवाई के लिए 27 फरवरी की तारीख नियत की है। फिर सुनवाई के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
=ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट/संयुक्त सचिव विकास प्राधिकरण
बुक स्टोर संचालक ने सील मंजिल को बना दिया गोदाम
हल्द्वानी। जिला विकास प्राधिकरण की संयुक्त सचिव/सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि उन्होंने अवैध ढंग से निर्माण करने पर ठंडी सड़क स्थित प्रीत बुक डिपो का पहली मंजिल सील की थी।
शुक्रवार को जब वह बुक स्टोर का निरीक्षण करने तो दंग रह गई। बुक स्टोर संचालक सील तोड़े बिना उसके नीचे से निकल कर इमारत में किताबें रख रहा था। उसने सील इमारत को गोदाम बना दिया था। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट भड़क गईं।
उन्होंने दुकान संचालक को सील गोदाम खाली करने और कोई आवाजाही नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राधिकरण की टीम को निर्देश दिए है कि प्लाईबोर्ड लगाकर बंद कर दिया जाए ताकि किसी भी किस्म की आवाजाही नहीं हो।
