हल्द्वानी: आप कार्यकर्ताओं ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला
हल्द्वानी, अमृत विचार। दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी से आक्रोशित आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बुद्धपार्क में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदेश संगठन सचिव समित टिक्कू के नेतृत्व में एकत्र कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही मनीष सिसोदिया की रिहाई की मांग उठाई। समित टिक्कू ने कहा कि केंद्र सरकार ने आप के बढ़ते जनाधार को देख मनीष सिसोदिया को झूठे मुकदमे में फंसा कर गिरफ्तार किया है।
अगर उन्हें जल्द रिहा नहीं किया गया तो पार्टी कार्यकर्ता उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। पुतला फूंकने वालों में जिलाध्यक्ष राजीव लोचन, जिला महासचिव संगठन देवेंद्र कुमार, जिला सचिव समी कुरैशी, हर्ष सिरोही, पंकज कुमार, गोपाल बिष्ट, माया दुबे, बीना देवी, सुनीता आर्या, भावना पाठक, दुर्गा मेहरा, मनोज, काशी, प्रमोद आदि शामिल थे।
