गरमपानी: किसानों ने उठाई सिंचाई पंप उपलब्ध कराने की मांग
सिंचाई नहर के क्षतिग्रस्त होने से खेतीबाड़ी चौपट
लगातार नुकसान से खेतीबाड़ी से होता जा रहा मोहभंग
गरमपानी, अमृत विचार। सिंचाई व्यवस्था ठप होने से गांवों में खेती बाड़ी चौपट होती जा रही है। किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सूरीफार्म क्षेत्र के किसानों ने मझेड़ा सिंचाई नहर के दुरुस्त न होने तक सिंचाई पंप उपलब्ध कराने की मांग उठाई है ताकी सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके।
बीते दो वर्ष पूर्व आई आपदा ने भारी तबाही मचाई। खेत रोखड़ में तब्दील कर दिए तो सिंचाई नहरों को भी ध्वस्त कर डाला। सिंचाई व्यवस्था ठप हो जाने गांवों में उत्पादन ठप होता चला जा रहा है। लगातार नुकसान होने से अब किसानों का खेतीबाड़ी से मोहभंग होता जा रहा है।
रातीघाट-बेतालघाट मोटर मार्ग पर स्थित सूरीफार्म क्षेत्र के किसानों ने मझेड़ा सिंचाई नहर के आपदा के दो वर्ष बाद भी दुरुस्त न होने पर नाराजगी जताई है। कास्तकार नंदन गिरी, भुवन राम, सोहन सिंह, टीका राम, गोविंद राम आदि ने सिंचाई नहर के दुरुस्त न होने तक सिंचाई पंप उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई है। ताकि खेतों तक पानी पहुंचाया जा सके। दो टूक कहा की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
