किच्छा: दोस्त को ऐसा मारा थप्पड़ की हो गई मौत, दो दिन तक शव के निकट आराम से सोता रहा...
किच्छा, अमृत विचार। दो दिन पूर्व नगर क्षेत्र में हुई डोरीलाल की हत्या के मामले में पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद दोस्त ने ही दोस्त की जान ले ली थी और दो दिन तक कमरे में दोस्त के शव के निकट आराम से सोता रहा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही आरोपी के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है।
ज्ञात हो कि शनिवार की सुबह डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि नगर के वार्ड 7 क्षेत्र में मोहम्मद आरिफ के धान के खेत में प्लास्टिक के बारे में एक अधेड़ का शव पड़ा हुआ है। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल, पुलिस क्षेत्राधिकारी ओम प्रकाश शर्मा, प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए घटनास्थल का जायजा लिया।
मामले में मृतक डोरीलाल (42) पत्नी सावित्री देवी निवासी ग्राम बहादुरपुर, तहसील बहेड़ी, जिला बरेली ने वार्ड 7 निवासी साबिर पुत्र मोहम्मद अजीज पर डोरीलाल की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर सौंपी थी। सोमवार को कोतवाली परिसर में घटना का खुलासा करते हुए सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए कोतवाल धीरेंद्र कुमार, थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक गोविंद सिंह मेहता के नेतृत्व एवं एसओजी की अलग-अलग टीमों को लगाया गया था।
जिसके बाद पुलिस ने आरोपी साबिर को हल्द्वानी मार्ग स्थित खुरपिया फार्म मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 22 /23 फरवरी की रात्रि शराब पीने के दौरान साबिर तथा डोरीलाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी जिसके बाद साबिर ने डोरीलाल को जोरदार थप्पड़ मार दिया। जिसके चलते डोरीलाल बेहोश हो गया था, डोरी लाल के बेहोश होने के बाद साबिर नगर के निजी चिकित्सक को अपने निवास पर लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सक ने डोरी लाल की मौत होने की जानकारी दी। डोरी लाल की मौत के बाद साबिर ने उसके शव को 2 दिन तक अपने कमरे में छुपाए रखा और उसके बगल में ही सोता रहा।
दो दिन बाद शव से बदबू आने पर साबिर ने डोरीलाल के शव को प्लास्टिक के बोरे में डालने के बाद खेत में फेंक दिया और घर के मुख्य दरवाजे का ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने साबिर को गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, एसओजी प्रभारी बिजेंद्र शाह, पुलभट्टा थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक गोविंद मेहता, एसएसआई सुनील सुतेडी, एसआई राजेंद्र पंत, एसआई सतीश वर्मा, एसआई ओम प्रकाश नेगी, एसआई दिनेश भट्ट, कांस्टेबल देवराज सिंह, बृजमोहन सिंह, जगमोहन सिंह, महिला कांस्टेबल रेखा एवं सोनिया, नितिन रौतेला एवं भूपेंद्र आर्य शामिल रहे।
