Holi 2023 : स्पाइडर मैन डालेगा रंग, योगी-मोदी आएंगे होली खेलने, Kanpur के बाजारों में दिखने लगी रौनक
Holi 2023 कानपुर में होली को लेकर बाजारों में दिखने लगी रौनक।
Holi 2023 कानपुर के बाजारों में होली त्यौहार को लेकर अभी से ही बाजारों में रौनक दिखने लगी। बाजारों में खूब रंग बिरंगी पिचकारियां आईं। इन पिचकारियों में राजनीतिक चेहरों का प्रिंट भी है।
कानपुर, अमृत विचार। Holi 2023 बच्चों के फेवरेट स्पाइडर मैन, बैट मैन और सुपर मैन रंग डालेंगे तो योगी और मोदी भी होली खेलने आएंगे। जी हां, इस बार इनके मास्क पहनकर लोग खूब होली खेलने वाले हैं। बाजारों में पहुंचे इन मास्कों की बिक्री शुरू हो गई है। पिचकारियों में भी इनके प्रिंट हैं, जिसको लोगों ने खरीदना शुरू कर दिया है।
बाजार रंग बिरंगी और खूबसूरत पिचकारियों से सज गए हैं। पी-रोड, मिस्टनगंज, परेड, फूल बाग, बड़ा बाजार, घंटाघर, गोविंद नगर, कल्याणपुर, रावतपुर आदि बाजारों में पिचकारियों की बिक्री भी खूब हो रही है। दुकानदारों की मानें तो इस बार की पिचकारियां पहले के मुकाबले ज्यादा रंग बिरंगी हैं।
मेस्टन रोड के व्यापारी मुस्लिम अली ने बताया कि ज्यादातर पिचकारियां बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए बनाई गई हैं। स्पाइडर मैन, छोटा भीम, बैट मैन, बार्बी डॉल, बाहूबली की गन, प्रेशर गन, टैंक आदि हैं तो शेर, भालू, हिरन, आदि के मास्क भी हैं।
मास्क में राजनैतिक व्यक्तियों के चेहरे भी आए हैं। इन सभी को लोग खूब खरीद रहे हैं। अच्छी बात यह है कि हर पिचकारी को रंग बिरंगी और बेहतर प्रिंट के साथ तैयार किया गया है, जो लोगों को खूब पसंद आ रही हैं।
भारतीय पिचकारियों की धूम
इस बार बाजार से चाइना आउट हो गया है। भारतीय पिचकारियों की धूम ने बाजार में अलग ही रौनक ला दी है। दुकानदारों के अनुसार दिल्ली से जो भी माल आ रहा है, वह सब भारत में तैयार हुआ है। भारतीय पिचकारियां चाइना के मुकाबले ज्यादा मजबूत हैं। अच्छी बात यह है कि चाइना की पिचकारी जिस वजह से ज्यादा बिकती थीं, उस तरह का प्रिंट इस बार भारतीय पिचकारियों में भी दिख रहा है। इस वजह से ग्राहक इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
10 फीसद बढ़ीं कीमतें
बाजार में आईं पिचकारियों के दाम में 10 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। व्यापारी मुस्लिम अली ने बताया कि जो पिचकारी 50 की थी, वह इस बार 55 की हो गई है तो 100 वाली 110 की हो गई है। हालांकि यह महंगाई बिक्री पर ज्यादा असर नहीं कर रही है। लोग इन दामों में भी पिचकारी खूब खरीद रहे हैं। पिचकारियां की प्रिंट और उनके कलरफुल होने की वजह से यह महंगाई बिक्री को प्रभावित नहीं कर रही है।
बाजार में होली की आईं टी-शर्ट
बाजार में इस बार होली की टी-शर्ट की भी खूब धूम है। दुकानदार मुस्लिम अली और दिनेश कुमार ने बताया कि इस बार लोग टी-शर्ट को खूब पसंद कर रहे हैं। हर वर्ष इस त्योहार में अक्सर लोग पुराने कपड़े पहनकर होली खेलते थे, लेकिन इस बार लोग होली खेलने के लिए टी-शर्ट की खरीदारी कर रहे हैं।
प्रमुख पिचकारियों व अन्य के दाम
पिचंकारी दाम
टैंक पिचकारी 150 से 700
प्रेशर गन 100 से 750
गुब्बारे 50 से 90
मास्क 45 से 120
रिवाल्वर 200 से 300
टीशर्ट 120 से 150
