रिया की अपील, पटना में दर्ज FIR ‘जीरो’ माना जाए, मुंबई ट्रांसफर हो पूरा मामला
नई दिल्ली। रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अपनी लिखित याचिका में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि पटना पुलिस को 25 जुलाई को ‘जीरो एफआईआर’ मानते हुए मामले को मुंबई पुलिस को हस्तांतरित कर देना चाहिए। रिया ने यह भी कहा कि राजपूत के पिता ने उस पर बेबुनियाद …
नई दिल्ली। रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अपनी लिखित याचिका में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि पटना पुलिस को 25 जुलाई को ‘जीरो एफआईआर’ मानते हुए मामले को मुंबई पुलिस को हस्तांतरित कर देना चाहिए। रिया ने यह भी कहा कि राजपूत के पिता ने उस पर बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। शीर्ष अदालत ने पहले ही रिया की स्थानांतरण याचिका (मामले को पटना से मुंबई ट्रांसफर करने) पर फैसला सुरक्षित रख लिया है।
अपनी लिखित याचिका में रिया ने कहा कि एफआईआर का पटना में किसी अपराध से कोई कनेक्शन नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में ज्यादा से ज्यादा यह किया जा सकता है कि पटना में एक जीरो एफआईआर दर्ज करके फिर इस मामले को अधिकार क्षेत्र वाले पुलिस स्टेशन को भेजा जा सकता है।
रिया ने कहा कि बिहार में जांच पूरी तरह से अवैध है और इस तरह की अवैध कार्यवाही को सीबीआई को हस्तांतरित नहीं किया जा सकता है। रिया ने कहा है कि अगर मामले को सीबीआई को ट्रांसफर किया जाता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और अगर सुप्रीम कोर्ट अपनी शक्ति का इस्तेमाल कर मामले को सीबीआई को सौंपता है तो उन्हें आपत्ति नहीं होगी।
लिखित याचिका में कहा गया, याचिकाकर्ता को कोई आपत्ति नहीं है, अगर भारत के संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत इस न्यायालय की प्रदत्त शक्तियों के प्रयोग में सीबीआई को जांच का हस्तांतरण किया जाता है। अन्यथा, बिहार पुलिस का सीबीआई में वर्तमान में किया गया स्थानांतरण पूरी तरह से अधिकार क्षेत्र के बिना है और यह कानून के विपरीत है। उन्होंने दलील दी कि बिहार पुलिस के इशारे पर सीबीआई को जांच का हस्तांतरण पूरी तरह से अधिकार क्षेत्र की अनदेखी है।
ईडी ने सुशांत के पर्सनल स्टाफ को तलब किया
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से अपनी जांच को बढ़ाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता के निजी स्टाफ को तलब किया है। ईडी सूत्रों के मुताबिक, वित्तीय जांच एजेंसी ने सुशांत के रसोइया, ड्राइवर और बॉडीगार्ड को पूछताछ के लिए तलब किया है।
सूत्रों ने कहा कि उन्हें गुरुवार को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। ईडी उन लोगों के बारे में जानना चाहता है जो पिछले एक साल में सुशांत से मिले, कौन-कौन उनके घर पर थे, क्या कोई मीटिंग हुई थी और अगर हुई थी तो उसमें क्या-क्या बातें हुई थीं।
एजेंसी उनसे यह भी पूछेगी कि सुशांत की मौत के बाद उनके मृत शरीर को किसने सबसे पहले देखा था। ईडी यह जानना चाहता है कि क्या वित्तीय मसलों पर चर्चा हुई थी और दिवंगत अभिनेता के साथ रिया और उसके परिवार के सदस्यों का व्यवहार कैसा था।
ईडी ने उनकी प्रेमिका रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ बिहार पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर 31 जुलाई को मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था। बिहार पुलिस ने सुशांत के पिता के.के. सिंह की शिकायत पर 25 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की थी। सिंह ने अपनी शिकायत में अपने बेटे के कोटक महिंद्रा बैंक खाते से कुछ अज्ञात बैंक खातों में 15 करोड़ रुपये के लेनदेन का आरोप लगाया था।
ईडी ने इस मामले में अब तक मुंबई में रहने वालीं सुशांत की बहन मीतू सिंह, गर्लफ्रेंड रिया, उनके (रिया) पिता इंद्रजीत, भाई शोविक, सुशांत के पूर्व मैनेजर और रिया की मैनेजर श्रुति मोदी, सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा, अभिनेता के फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी, चार्टर्ड अकाउंटेंट संदीप श्रीधर और रिया के सीए रितेश शाह के बयान दर्ज किए हैं।
