रामनवमी पर अयोध्या में होगा रामायण कॉन्क्लेव, सीएम योगी भी होंगे शामिल
28 मार्च को होगा उद्घाटन, चार दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर
अमृत विचार, अयोध्या। रामलला के जन्मोत्सव को लेकर इस बार दीपोत्सव जैसे तैयारी चल रही है। सरयू घाट से लेकर भगवान के जन्म स्थान तक भव्य और दिव्य आयोजन किए जाएंगे। आयोजन में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी 28 मार्च को अयोध्या पहुंचेंगे।
उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग अयोध्या में दूसरी बार रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन करने जा रहा है, लेकिन इस बार यह आयोजन भगवान श्री रामलला के जन्मोत्सव पर होगा। 28 और 29 मार्च को रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा तो वहीं 30 और 31 मार्च को रामलीला महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसके लिए राम कथा पार्क को सजाया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा रामलला के जन्म उत्सव को लेकर नौ दिवसीय आयोजन की तैयारी कर रहा है। जन्मभूमि परिसर में धार्मिक आयोजन के साथ सरयू तट के किनारे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तो वहीं खेलों के माध्यम से युवाओं का शौर्य प्रदर्शन भी होगा।
200 से भी अधिक कलाकार देंगे प्रस्तुति
अयोध्या शोध संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी राम तीरथ बताते हैं कि अयोध्या में दूसरी बार रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन राम नवमी पर होगा। इसमें जन-जन के राम पर आधारित सेमिनार, कवि सम्मेलन, चित्रकला, रामलीला सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय सहित अन्य जनपदों से भी 200 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में 28 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।
2021 के कार्यक्रम में पहुंचे थे तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
अयोध्या में संस्कृति विभाग के द्वारा रामनवमी के अवसर पर होने वाली रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन दूसरी बार कराया जा रहा है। इसके पहले 2021 में 29 अगस्त से 1 नवंबर तक का आयोजन किया गया था, जिसमें शामिल होने के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अयोध्या पहुंचे थे। इस दौरान पूरी अयोध्या सुरक्षा घेरे में थी। रामनगरी को भव्यता पूर्वक सजाया गया था। कार्यक्रम का समापन 1 नवंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किया गया था। अयोध्या शोध संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी राम तीरथ बताते हैं कि पिछले वर्ष कुछ कारणों से इस आयोजन को नहीं किया जा सका था। इसलिए इस बार भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें- महिलाओं को सशक्त बनाने में कुटीर उद्योगों का योगदान :निधि
