हल्द्वानी: चौफुला में एक माह से खराब ट्यूबवेल की नहीं हुई मरम्मत
हल्द्वानी, अमृत विचार। चौफुला में ट्यूबवेल खराब होने से पेयजल संकट बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैसे तो जल संस्थान ट्यूबवेल एक सप्ताह के अंदर रिपेयर करने का दावा करता है लेकिन यहां एक माह बीत जाने के बाद भी ट्यूबवेल को रिपेयर नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सैकड़ों परिवार इससे प्रभावित हैं और पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। इसके बावजूद पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय श्रीवास्तव ने बताया कि सिंचाई विभाग की तरफ से चौफुला के पास पुलिया का निर्माण हो रहा है इस कारण मार्ग अवरोधित है और कोई दूसरा रास्ता न होने के कारण ट्यूबवेल रिपेयरिंग मशीन उक्त स्थान तक नहीं पहुंच सकी है। जल्द ही किसी दूसरे विकल्प के माध्यम से ट्यूबवेल रिपेयर किया जाएगा।
