टनकपुर में सिडकुल स्थापित करवाने के लिए प्रदर्शन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। एक बार फिर से टनकपुर में सिडकुल स्थापित किए जाने की मांग जोर-शोर से मुखर होने लगी है। इस मांग को लेकर शुक्रवार को इंसाफ द पावर संगठन कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया।

बाद में प्रभारी तहसीलदार पिंकी आर्या के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बढ़ती बेरोजगारी को देखते हुए यहां शीघ्र सिडकुल स्थापित किए जाने की पुरजोर वकालत की है। 

शुक्रवार को संगठन के अध्यक्ष तिलक राम की अगुवाई में संगठन से जुड़े लोग तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने तहसील परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि टनकपुर क्षेत्र में लंबे समय से सिडकुल खोले जाने की मांग विभिन्न संगठनों की ओर से की जाती रही है लेकिन अभी तक इस मांग पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है जिसके कारण क्षेत्र के युवा पलायन करने के लिए बाध्य हैं।

साथ ही क्षेत्र में रोजगार न मिलने से एक ओर जहां युवा वर्ग नशे और चोरी जैसी घटनाओं में लिप्त हो रहे हैं, वहीं यहां का व्यापार भी चौपट होता जा रहा है। इस दौरान प्रभारी तहसीलदार पिंकी आर्या के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ युवाओं के भविष्य को देखते हुए क्षेत्र में शीघ्र सिडकुल स्थापित किए जाने की मांग उठाई। 

धरना प्रदर्शन करने वालों में संगठन के अध्यक्ष तिलक राम, बाबूराम टम्टा, बलवंत सिंह कुल्याल, पालिका के पूर्व सभासद गंगा गिरी गोस्वामी, अरविंद बहादुर, अविनाश कोहली, गिरीश कुमार, सोनू कुमार, नरेश कुमार गुप्ता, प्रकाश कलोनी, मोहम्मद उजेर अहमद अंसारी, महेंद्र शर्मा, ओम राय, पुष्कर दत्त भट्ट, श्रीकृष्ण तिवारी, शादाब अंसारी आदि लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार