यूक्रेन के प्रति मानवीय कदमों के लिए हम भारत के आभारी, सबसे युवा सांसद Sviatoslav Yurash ने नवेद मियां से की मुलाकात
जी-20 सम्मेलन में शामिल होने आए हैं यूक्रेन के सांसद, नवेद मियां से हुई मुलाकात
रामपुर,अमृत विचार। यूक्रेन के सबसे युवा सांसद सिवातोस्लाव युराश से पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां की मुलाकात के दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। सांसद 27 वर्ष के हैं और 2013 में उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय में अध्ययन किया है। वो यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की के बहुत करीबी हैं। यूक्रेन और रूस के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा है।
पूर्व मंत्री नवेद मियां के पीआरओ काशिफ खां ने बताया कि यूक्रेन के सांसद सिवातोस्लाव युराश जी-20 सम्मेलन के सिलसिले में भारत आए हुए हैं। सोमवार को नई दिल्ली में पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां की यूक्रेन के सर्वोच्च सदन के सदस्य से मुलाकात और विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
सांसद ने कहा कि उनके देश में चल रहे युद्ध के दौरान भारत द्वारा किए गए मानवीय कदमों के लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं। भारत ने दोनों ही पक्षों से संयम और शांति बरतने की अपील की है। भारत के प्रधानमंत्री यूक्रेन के राष्ट्रपति से भी वार्ता कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत उन देशों में से एक है जो इस सदी के भाग्य का फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को सबके सहयोग और समर्थन की आवश्यकता है ताकि संकट के इस दौर से बाहर आया जा सके।
ये भी पढ़ें : जल संचयन में देश की नजीर बनेगा रामपुर, टीम ने लिया जायजा
