रुद्रपुर: मुंबई से गिरफ्तार हुआ दुष्कर्म का आरोपी, नाबालिग बरामद
रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत माह थाना ट्रांजिट कैंप में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तहरीर व नाबालिग के बयानों के आधार पर आरोपी युवक के विरुद्ध पॉक्सो के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी अचानक घर से कहीं गायब हो गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 17 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। इसके लिए पुलिस की एक टीम ने आरोपी युवक की मोबाइल लोकेशन व सीडीआर निकाली तो पता चला कि आरोपी की लोकेशन मुंबई दिखा रही है।
इसके बाद पुलिस की एक टीम ने 7 मार्च को विमलनाथ नगर केदार सिटी थाना धुले सिटी जिला धुले महाराष्ट्र में दबिश देकर आरोपी शुभम चौधरी निवासी विमलनाथ नगर केदार सिटी महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को बरामद कर रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप थाने ले आई।
जहां पुलिस ने तहरीर और नाबालिग के बयानों के आधार पर आरोपी युवक के विरुद्ध पॉक्सो सहित कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया है।
