बाजपुर: ग्राम प्रधान पर भूमि कब्जाने का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बाजपुर, अमृत विचार। ग्राम सभा खमरिया के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर होलिका दहन की भूमि पर सौंदर्यीकरण के नाम पर स्वामित्व योजना के तहत पार्क बनाने और बाद में भूमि पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पहुंच धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने इस संबंध में उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा।
शुक्रवार को काफी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष व बच्चे एकत्रित होकर जुलूस की शक्ल में नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए एसडीएम कोर्ट पहुंच गए और ग्राम प्रधान के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने एसडीएम आरसी तिवारी को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया। उनका कहना था कि गांव में होली चौक पर उनके पूर्वज लंबे अर्से से होलिका दहन करते आ रहे हैं।
आरोप है कि ग्राम प्रधान ने इस भूमि पर पंचायत निधि एवं मनरेगा के जरिये चाहरदीवारी एवं सौंदर्यीकरण करा यहां पार्क स्थापित करवा दिया है। ग्राम प्रधान अब इस भूमि पर अपना अधिकार जता रहा है, जोकि गलत है। यहां पर ग्रामीण किसी भी प्रकार के कार्यक्रम नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि ग्राम प्रधान व उनके स्वजन इस भूमि पर कोई भी कार्यक्रम करने से ग्रामीणों को रोक रहे हैं।
यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करना चाह रहे हैं। इस मौके पर पूर्व प्रधान देवेंद्र कुमार सैनी, आदित्य चानना, चरन सिंह, दीपक कुमार, हरीश, राधेश्याम, विकास, लक्ष्मण, वीरेंद्र, राजकुमार, कौश, सोनू, विजय, सुखदेव, राजेश, लक्ष्मी, पार्वती, शीला, सीता, अनिल, जसविंदर, गोबर्धन, चंद्रपाल, रिंकू सिंह, दीपू, कैलाश, मोहन, शेर सिंह, अंकुर, आकाश, गुड्डू आदि मौजूद थे।
बोले प्रधान-पूरी तरह निराधार हैं आरोप
बाजपुर। वहीं ग्रामसभा खमरिया के ग्राम प्रधान गोपाल सिंह डोगरा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधान देवेंद्र सिंह सैनी ने अपने कार्यकाल में गांव की जगह अपना व अपने परिवार का विकास किया और अब गांव की भोली-भाली जनता को बर्गला रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी आरोप हैं उनकी जांच की जाए जिसमें वह पूरा सहयोग करेंगे।
