अल्मोड़ा: ठेकेदार पर एक साथ दो तेंदुओं ने किया हमला...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिला मुख्यालय से लगे शीतलाखेत वन रेंज के रेंगल के पास शुक्रवार सुबह दो तेंदुओं ने बाइक सवार ठेकेदार पर हमला कर दिया। हमले में उसका पांव जख्मी हो गया। ठेकेदार ने बाइक दौड़ाकर जैसे तैसे अपनी जान बचाई।  

अमरोहा निवासी इकरार सैफी अपनी बाइक से नैनीताल की ओर जा रहे थे। खूंट काकड़ीघाट मार्ग पर वह जैसे ही रेंगल गांव के पास पहुंचे। उन्हें सड़क किनारे एक तेंदुआ बैठा दिखा। सैफी ने तेंदुए को देखते ही बाइक रोक ली। करीब 15 मिनट बाद तेंदुआ सड़क से नीचे की ओर चला गया।

उसके जाने के बाद सैफी ने अपनी बाइक आगे बढ़ाई तो तेंदुए ने चलती बाइक पर छलांग लगाकर शिकार करने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ बाइक तक नहीं पहुंच पाया। इसी दौरान एक दूसरे तेंदुए ने उनके पांव पर पंजा मार दिया। हमले में बाइक दीवार से जा टकराई, लेकिन इकरार सैफी ने हिम्मत नहीं हारी और बाइक को उठाकर आगे की ओर भाग गया।

घटनास्थल से करीब 100 मीटर आगे जाकर सैफी ने बाइक रोकी। थोड़ी देर में वहां आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। इकरार सैफी ने बताया कि हमले में उनके पांव में तेंदुए के पंजे से घाव बन गया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल गुरुरानी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में दस से पंद्रह तेंदुए विचरण कर रहे हैं। जो अब तक कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुके हैं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुओं को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। 

संबंधित समाचार