मेरठ: 13100 किमी की पैदल यात्रा, 8 ज्योतिर्लिंग और चार धाम के किए दर्शन
मेरठ, अमृत विचार। मेरठ के मवाना क्षेत्र के रहने वाले दो युवाओं ने 13100 किमी की पैदल यात्रा कर चार धाम व 8 ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। दोनों युवा सात माह में यह यात्रा पूरी कर शुक्रवार को वापस मवाना पहुंचे। जहां, जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक के साथ नगर के लोगों ने दोनों का स्वागत किया।
6 अगस्त को मवाना के महादेव मंदिर से शुरू की यात्रा
मवाना थाना क्षेत्र के ततीना गांव निवासी आयुष पुत्र लाखन सिंह महादेव के भक्त है। आयु्ष ने बताया कि महादेव में उसकी पूर्ण श्रद्घा है। उसकी इच्छा थी कि वह चारों धाम व 8 ज्योतिर्लिंग के पैदल दर्शन करें। इसके लिए उसने अपने परिजनों से वार्ता की और परिजनों ने उसकी इसी यात्रा के लिए सहमति जताई। 6 अगस्त 2022 को आयुष अपने मामा के बेटे आकाश के साथ मवाना के महादेव मंदिर से चार धाम की पैदल यात्रा के लिए रवाना हुआ था।
सबसे पहले पहुंचे यमनोत्तरी
आयुष ने बताया कि पैदल यात्रा के दौरान वह सबसे पहले यमनोत्तनी पहुंचे। यहां, से गंगोत्री, केदारनाथ व बद्रीनाथ की यात्रा पूरी की। यह यात्रा पूरी करने के बाद वह 8 ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के लिए रवाना हुए। बताया कि पैदल यात्रा करने के दौरान जगह जगह लोगों ने उनका स्वागत कर उत्साह बढ़ाया। साथ ही यात्रा के लिए काफी चंदा भी दिया। चंदा व खुद की जेब खर्च मिलाकर लगभग इस यात्रा में उसका 10 लाख रुपये खर्च हुए। दोनों ने 13100 किमी की पैदल यात्रा की।
जल शक्ति मंत्री ने नगरवासियों के साथ किया स्वागत
यात्रा पूरी करने के बाद आयुष व आकाश शुक्रवार को मवाना पहुंचे। दोनों के आने से पहले ही जल शक्ति मंत्री दिनेश खटीक नगर वासियों के साथ उनका स्वागत करने के लिए पहुंच गए। दोनों के मवाना में प्रवेश करते ही नगर के लोगों ने फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया और दोनों का उत्साह बढ़ाया। आयुष ने बताया कि शुक्रवार की रात वह महादेव मंदिर में ही रुकेंगे और शनिवार को गांव पहुंचकर हवन पूजन व भंडारा करेंगे।
यह भी पढ़ें- मेरठ में गरजे किसान, विभिन्न मांगों को लेकर कमिश्नरी पर हुई महापंचायत
