हल्द्वानी: पुलिस की धमकी देने पर बहू को जान से मारने की कोशिश

होली से ठीक एक दिन पहले ही घटना, पति व सास पर रिपोर्ट दर्ज

हल्द्वानी: पुलिस की धमकी देने पर बहू को जान से मारने की कोशिश

साजिश से पहले भी बहू और ससुरालियों का विवाद पहुंचा था थाने

हल्द्वानी, अमृत विचार। होली से ठीक एक दिन पहले ससुरालियों ने अपनी ही बहू को जान से मारने की कोशिश की। बहू को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। मुखानी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

बिठोरिया नंबर एक मुखानी निवासी मेघा दुम्का पत्नी संजय दुम्का ने मुखानी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि  उसकी शादी वर्ष 2015 में बिठोरिया निवासी संजय के साथ हुई थी। आरोप है कि सास बिमला उसे कम दहेज लाने का ताने देती थी। इस बारे में जब उसने पति को बताया वह उल्टा पत्नी से झगड़ने लगा।

उसे ससुराल छोड़ने की हद तक प्रताड़ित किया गया। ससुराल में बंधकों की तरह रखा गया। मामला मुखानी थाने पहुंचा तो पति-पत्नी और सास के बीच काउंसिलिंग कराई गई। सास ने लिखित दिया, लेकिन झगड़े शांत नहीं हुए। आरोप है कि बीती 7 मार्च को पति और सास ने उसे और बच्चों को मारना शुरु कर दिया।

जब पुलिस की धमकी मिली तो कोई चीज पानी में मिलाकर जबरदस्ती पिला दी। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पति व पड़ोसी ने उसे बेस अस्पताल भर्ती कराया। मुखानी पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति संजय और सास बिमला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।