पीलीभीत: एक तरफ गूंजे मंत्र तो दूसरी तरफ पढ़ा गया निकाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुख्यमंत्री की ओर से संचालित सामूहिक विवाह में लक्ष्य के सापेक्ष 384 जोड़ों की कराई गई शादी 

पीलीभीत,अमृत विचार। एक ओर मंत्रों की गूंज के साथ शुभ मुहूर्त में कन्याओं के हाथ पीले हो रहे थे तो दूसरी ओर कुरान की आयतों के साथ निकाह कबूल किया जा रहा था। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर सामूहिक विवाह समारोह में महिलाएं विवाह के दौरान मांगलिक गीत गाते हुए खुशी का इजहार कर रही थी।

सोमवार को यह नजारा पूरे दिन कॉलेज प्रागंण में दिखा। सामूहिक विवाह समारोह में 384 जोड़ों का विवाह कराया गया। गायत्री पीठ के आचार्यों ने 373 जोड़ों को हिंदू रीति रिवाज से शादी कराई गई तो वहीं 11 मुस्लिम समुदाय के जोड़ों को निकाह पढ़ाकर शादी को संपन्न कराया गया। इस दौरान फूल माला से उनका स्वागत करते हुए उन्हें जिले के माननीय और प्रशासनिक अफसरों ने आशीर्वाद दिया।

सोमवार को ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया था। जिसमें 450 लाभार्थियों ने आवेदन किया था। सुबह आठ बजे से वर वधू के साथ उनके रिश्तेदारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। जहां ढोल नागड़ों के साथ वर वधू का पंडाल में आगमन हुआ।

इस शादी में वर वधू के साक्षी बनने के लिए राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद, ब्लॉक प्रमुख मरौरी सभ्यता देवी वर्मा, ब्लॉक प्रमुख ललौरीखेड़ा अजय सिंह गंगवार, डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी अतुल शर्मा, सीडीओ धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे। सभी लाभार्थियों का इंतजार करने के बाद 12 बजे पूजन के बाद विवाह की शुरुआत की गई।

इस दौरान 450 लाभार्थियों के सापेक्ष 384 लोगों का विवाह कराया गया। इस दौरान अफसर बरात और घरातियों की तरह विवाह की व्यवस्था संभालते हुए नजर आए। इस पुनीत और पावन बेला पर नव युगल को पवित्र गठबंधन के दाम्पत्य सूत्र के आत्मीय सम्बन्धों के साथ गृहस्थ आश्रम में प्रवेश कर जन्म जन्मांतर के पारिवारिक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के कर्तव्य निर्वाहन के लिए जीवन की नई पारी पर वर वधू को आशीर्वाद प्रदान किया। देर शाम तक कालेज प्रांगण में भीड़ भाड़ बनी रही।

ये भी पढ़ें : पीलीभीत: आमने-सामने टकराई बाइक, मासूम समेत दो की मौत

संबंधित समाचार