अल्मोड़ा: अब रोस्टर के हिसाब से मिलेगी रेडियोलॉजी सुविधा
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जिले के लोगों को रेडियोलॉजी की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से जिले का रोस्टर तैयार कर लिया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरसी पंत ने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को विकासखंड धौलादेवी, द्वितीय बुधवार ताकुला, तृतीय बुधवार लमगड़ा और चतुर्थ बुधवार को हवालबाग तथा प्रत्येक बुधवार या पांचवे बुधवार को भैंसियाछाना के रोगियों के लिए महिला जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध होगी।
इसी तरह पहले बुधवार को विकास खंड चौखुटिया, द्वितीय बुधवार ताड़ीखेत, तृतीय बुधवार को द्वाराहाट के रोगियों के लिए नागरिक चिकित्साल रानीखेत में यह सुविधा उपलब्ध होगी। जबकि प्रथम बुधवार को भिकियासैंण, द्वितीय बुधवार को सल्ट, चतुर्थ बुधवार को स्याल्दे के रोगियों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में रोगियों के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध रहेगी। पंत ने बताया कि मेडिकल कालेज और जिला चिकित्सालय में आपातकालीन और अन्य रोगियों के लिए यह सुविधा प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी।
