प्रयागराज : शहर में बिजली कटौती से मचा हाहाकार, भड़के कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। विद्युत अभियंता व तकनीकी कर्मचारियों की हड़ताल से शहर के अधिकतर क्षेत्रों में गुरुवार की रात से ही बिजली संकट खड़ा हो गया है। चरमराई बिजली व्यवस्था से पूरे शहर में हाहाकार मचा रहा। जिससे नाराज कांग्रेसियों ने शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

पुराने शहर के खुशरुबाग, करेलाबाग, कल्याणी देवी, रामबाग खण्ड के फीडर बंद होने से बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई। इलाके के करीब एक लाख घरों में बिजली गुल है। पीने के पानी व रोशनी के लिए घरों में हाय - तौबा मची है। हड़ताल से निपटने के पावर कारपोरेशन व जिला प्रशासन के सभी वैकल्पिक इंतजाम फेल होते देख कांग्रेसी सड़कों पर उतर आये।

शुक्रवार को सिविल लाइन्स स्थित धरना स्थल पर जुटे जिला शहर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। गंगापार जिलाध्यक्ष सुरेश यादव, यमुनापार जिलाध्यक्ष अरुण तिवारी और शहर अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा अंशुमन की अगुवाई में जुटे पार्टी नेताओं ने योगी सरकार पर बिजली कर्मियों के उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी ने कहा की सरकार हड़ताल पर गये कर्मचारियों से सार्थक वार्ता कर समस्या का जल्द समाधान करे। 

इस दौरान संजय तिवारी, जिला प्रवक्ता हसीब अहमद, आर के गौतम, राम मनोरथ सरोज, राकेश पटेल, रचना पाण्डेय, विवेक पाण्डेय, रईस अहमद, मनोज पासी, दिनेश सोनी, बृजेश सिंह, एहतेशम अहमद, मनोज पटेल समेत आदि लोग मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता का बयान दर्ज कराएगी पुलिस, पति पर बेटा लेकर भागने का लगाया है आरोप

संबंधित समाचार